
रवि सिन्हा की रिपोर्ट...
(रांची): भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक के खिलाफ संपूर्ण विपक्ष द्वारा आगामी 5 जुलाई को आहूत एकदिवसीय झारखंड बंद से निपटने के लिए पुलिस ने प्रशासनिक तैयारी शुरु कर दी है। बंद समर्थकों की आड़ में उपद्रव फैलाने वालों से निपटने के लिए रांची पुलिस की ओर से व्यापक तैयारियां की गयी है।
जवानों ने किया मॉक ड्रिल
बंद के मद्देनजर मंगलवार को राजधानी रांची के पुलिस लाइन में जवानों द्वारा मॉक ड्रिल किया गया। इस मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। इससे पहले बंद को लेकर उपायुक्त राय महिमापत रे की अध्यक्षता में हुई बैठक थाना स्तर से उपद्रवियों को चिन्हित कर धारा 107 और 113 के तहत कार्यवाही के लिए प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी को भेजने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा बंद के संबंध में सूचना एकत्र कर 4 जुलाई तक रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
न हो किसी भी तरह की संपत्ति का नुकसान
वहीं बंद के दौरान रेलवे संपत्ति की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) को संवेदनशील रेलवे स्टेशन पर तैनात करने का निर्देश दिया गया है और जहां आरपीएफ नहीं उपलब्ध होंगे, वहां जिला प्रशासन की ओर से बल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जिला कल्याण पदाधिकारी भी सभी कल्याण छात्रावास में रह रहे अवैध छात्रों को चिन्हित कर उन्हें नोटिस निर्गत करने का काम शुरु कर दिया गया है।
जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक
4 जुलाई को जिला स्तर पर सभी मुखिया की बैठक भी बुलायी गयी है और बंद क्यो असंवैधानिक है, इस संबंध में भी सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित करने को कहा गया है। एडीजी अभियान आरके मल्लिक ने बताया कि बंद के दौरान हिंसा या जबर्दस्ती करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। बंद के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा।
बंद के लिए विपक्ष चला रहा जनसंर्पक अभियान
दूसरी तरफ बंद को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल तथा वामपंथी दलों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा रहा है। नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के अलावा कांग्रेस, झारखण्ड विकास मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और वामपंथी पार्टियां भी राज्यव्यापी बंद में हिस्सा लेंगी और बंद 200 फीसदी सफल रहेगी।