रांची

रांची:ईद के चलते किए गए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम,पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लिया स्थिति का जायजा

ईद को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है...
2 min read
• •
Updated: 15 Jun 2018, 4:04 PM IST
ranchi police
ranchi police

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...

(रांची): ईद के पहले रांची के अलग-अलग स्थानों पर दो गुटों के बीच आपसी झड़प और पथराव की घटना अलग-अलग घटना के बाद पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है।


राजधानी रांची में डेली मार्केट के निकट भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्त्ताओं से झड़प के बाद शहर के कई हिस्सों में पिछले तीन-चार दिनों में दो समुदायों के बीच लगातार झड़प और दुकानों-प्रतिष्ठानों पर पथराव की घटना से तनाव के बीच ही शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज अदा की गयी है। वहीं मुस्लिम धर्मावलंबी ईद की खरीदारी को अंतिम रुप देने में जुटे रहे।


असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाया जा रहा छापामारी अभियान

रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक कुलदीप द्विवेदी के निर्देश पर डेली मार्केट, नगड़ी, इटकी और रातू में तनाव उत्पन्न करने की घटना में शामिल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस बीच रांची के सिटी एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में शहर के कई इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया। जबकि रांची के महात्मा गांधी रोड (मेन रोड) में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। वहीं इटकी और नगड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार को फायरिंग और परंपरागत हथियारों के साथ उतर कर सड़क पर प्रदर्शन के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है।

गुरूवार को नहीं दिख पाया ईद का चांद

इधर, ईद का चांद गुरुवार को नजर नहीं आया, जिसके बाद शनिवार को ईद मनाये जाने की घोषणा की गयी है। वहीं आज जुमा की नमाज को लेकर सभी मस्जिदों में भीड़ रही। शहर के कई मस्जिदों में लोगों की भीड़ को देखते हुए लोगों ने सड़क और अपने दुकान-व्यापारिक प्रतिष्ठान और घरों में भी नमाज अदा किया। दोपहर में नमाज के दौरान यातायात मार्ग में भी आंशिक परिवर्त्तन किया गया। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम धर्मावलंबी ईद की खरीदारी में जुट गये। मेन रोड में ईद बाजार को लेकर इस मार्ग पर यातायात मार्ग को परिवर्त्तित कर दिया गया। लोगों द्वारा ईद को लेकर देर रात तक खरीदारी किये जाने की संभावना है।


जबकि शनिवार को ईद को लेकर विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में भी नमाज का वक्त तय कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से भी ईद की नमाज को लेकर शनिवार को यातायात मार्ग में बदलाव किया गया है और रात्रि 12 बजे से सुबह छह बजे तक बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है, जबकि सुबह छह बजे के बाद से बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश पर पहले ही रोक है।

Published on: