रतलाम. जिले में गत दिवस हुई तेज बारिश के साथ चली हवा ने गेहूं, अफीम, सरसो आदि फसलों को धराशायी कर दिया। नुकसानी से परेशानी जिले के 6183 किसानों ने फसल बीमा कम्पनी के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है, ताकि शीघ्र सरकार की ओर से सर्वे किया जाकर उन्हे उचित मुआवजा मिल […]
रतलाम. जिले में गत दिवस हुई तेज बारिश के साथ चली हवा ने गेहूं, अफीम, सरसो आदि फसलों को धराशायी कर दिया। नुकसानी से परेशानी जिले के 6183 किसानों ने फसल बीमा कम्पनी के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है, ताकि शीघ्र सरकार की ओर से सर्वे किया जाकर उन्हे उचित मुआवजा मिल सकें।
फसल बीमा कम्पनी के ओमकार अजनार ने बताया कि शिकायत बढ़ी रही हैं। अब तक 6 हजार से अधिक किसानों की शिकायत आई है, हर दिन आंकड़ा बढ़ता जा रहा हैं। जिले में कुल 3 लाख 71 हजार किसानों की फसल बीमा को लेकर एप्लिकेशन आई है। इसमें 498 किसान अऋणि भी शामिल हैं, जिन्होंने बीमा करवाया हैं। जहां जहां से शिकायत प्राप्त हो रही हैं, वहीं पर 13 कम्पनी के कर्मचारी सर्वे कार्य कर रहे हैं।
आंधी-वर्षा से फसलों को नुकसान, तत्काल सर्वे व मुआवजे की मांग
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में गेहूं, चना और लहसुन में नुकसान हो रहा हैं। किसानों का कहना है कि फसल पककर खेतों में खड़ी हैं, कही कट रही है तो कटी पड़ी हैं। ऐसे में मावठा से गेहूं की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने से बाजार भाव पर सीधा असर पड़ेगा। किसानों ने शीघ्र सर्वे करवाकर मुआवजे की मांग की हैं। प्रभावित क्षेत्रों में प्रीतमनगर, दंतोडिया, सरवड़, जमुनिया, बिलखेड़ी, बंगला, रत्तागीरी, झरखेड़ी, रत्तागढख़ेड़ा, सातरूंडा, जेतपाड़ा, खरगापाड़ा, घोड़ाघाट और लोचीतारा सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं, जहां फसल नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
यहां भी हुआ नुकसान
किसान गोवर्धन लाल भांवर ने बताया कि बारिश नुकसानदायक साबित हो रही है। किसान बसंती लाल निनामा, भेरूलाल गामड़, ईश्वरलाल ओहरी, रामलाल सोलंकी, ईश्वर मालीवाड़, दिलीप गोदर, संजय गुर्जर, अर्जुन गुर्जर, प्रकाश सीरवी, दिनेश जादव, लखन तंवर, रामप्रसाद डिंडोर, भंवरलाल डिंडोर, प्रकाश मुनिया, रामलाल, लक्ष्मण निनामा एवं बाबूलाल चौहान आदि ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए और वास्तविक आकलन के आधार पर शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें।
सर्वे कर फसल बीमा का लाभ दिलाए
कमेड़. कमेड़ सहित ग्राम बंबोरी, धनेसरा, लुनेरा, धानासुता, लपटिया व संदला में दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश होने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में नुकसान हो रहा है। बंबोरी निवासी शांतिलाल पाटीदार व कमल दास बैरागी ने बताया कि मौसम खराब होकर तेज हवा के साथ बारिश होने से गेहूं की फसल खराब हो गई है, सर्वे कर किसानों को फसल बीमा व मुआवजे का लाभ दिलाया जाए।
फसल नुकसानी का आकलन
सनावदा. ग्राम सेजावता में बेमौसम वर्षा के कारण रबी गेहूं की फसल आड़ी होने से नुकसानी हुई है। प्रशासन के निर्देशानुसार पटवारी लक्ष्मीनारायण पाटीदार के साथ ग्राम के सरपंच गोपाल ड़ाबी, उपसरपंच गणेशलाल मालवीय, पंच चरणसिंह पंवार, रामेश्वर धाकड़, ग्राम कोटवार गुलाबसिंह देवड़ा, बिहारीलाल धाकड़, धनसिंह डाबी, मंगलगिरी, नीलेश आदि के साथ मौके पर जाकर फसल को देखा, मौका मुआयना कर नुकसानी का आकलन किया गया।
बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल आड़ी पड़ी
ग्राम पंचायत इटावा खुर्द के बिंजाखेड़ी में बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल आड़ी पड़ चुकी हैं। सरपंच घनश्याम जीत कुमावत ने हल्का पटवारी के साथ खेतों का मौका मुआयना किया। गांव के कई किसानों के खेतों में गेहूं की फसल तेज बारिश हवा के कारण धराशायी हो चुकी हैं। किसान राजेश राठौर ने बताया कि पहले सोयाबीन की फसल में पीला मौजेक व तेज बारिश से खराब हुई थी, अब गेहूं फसल से आस बनी हुई थी पर बेमौसम बारिश उसे भी नहीं छोड़ा। हमारी आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो जाएगी। इस दौरान उपस्थित किसान महेश कुमावत, शांतिलाल, अजय, बंटी, केसुराम, पंकज आदि मौजूद थे।