- सागोद रोड स्थित जेएमडी पैलेस में हुई दुर्घटना
रतलाम। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सागोद रोड पर स्थित जेएमडी पैलेस में निर्माण कार्य के दौरान गिट्टी मिक्सर में करंट की चपेट में आने से मजदूर युवक की मौत हो गई। वहीं दो लोग करंट लगने से जिला अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
एएसआई अजमेर सिंह भूरिया ने बताया कि शिवगढ़ के गेणी गांव निवासी मुकेश (२५) पिता प्रभु देवदा पिछले दस-बारह दिन से जेएमडी पैलेस में निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। गिट्टी मिक्सर पर काम के दौरान करंट लगने से उसे बचाने में दो युवक राकेश (२०) पिता प्रभु देवदा और दौलतपुरा निवासी गोरधन (२५) पिता लीमजी भी करंट की चपेट में आए। तीनों को साथी मजदूरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान मुकेश को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं हादसे में ठेकेदार के खिलाफ जांच शुरू कर दी है कि उपकरण में किस प्रकार लापरवाही बरती गई। जिस कारण मौत हुई है। एक दिन पहले मृतक के पिता प्रभु देवदा को भी मिक्सर से एक दिन पहले करंट लगा था। उसने ठेकदार नयागांव निवासी मुकेश यादव को भी करंट के बारे में बताया था। लेकिन ठेकेदार ने ध्यान नहीं दिया। जिस कारण दूसरे दिन करंट की चपेट में आने से मजदूर युवक की मौत हुई है।
मजदूरों का नहीं हो रहा बीमा
आदिवासी संगठन के नेता ध्यानवीर डामोर ने बताया कि आदिवासी को सस्ती मजदूरी में ठेकेदार ले जाते है, लेकिन उनका बीमा तक नहीं करवाते है। जिससे हादसे में मौत के बाद भी परिवार की भूखे मरने की स्थिति पैदा हो जाती है। इतना ही नहीं श्रमिक योजना में अभी तक मजदूरों को पंजीयन नहीं किया गया है। जिसके तहत दुर्घटना में मौत पर चार लाख मिलना है। लेकिन जब पंजीयन ही नहीं कर रहे तो योजना का लाभ क्या मिलेगा। प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना या श्रमिक योजना के तहत आज तक एक मजदूर को मुआवजा नहीं दिया गया है। एसडीएम से भी आरटीआई में सूची मांगी जो कि काफी समय बीत जाने के बाद आज तक उपलब्ध नहीं करवाई गई है। पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और विधायक के कोष से भी मजदूर के लिए सहायता राशि देय है, लेकिन आज तक किसी मजदूर को उसकी मौत के बाद उपलब्ध नहीं कराई गई। गरीब का मजदूरी में और मौत के बाद भी शोषण हो रहा है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के महू रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती हुआ है।
पुलिस ने बताया कि गंगाखेड़ी निवासी वहीद (३५) पिता वारिस खान बाइक से गांव जा रहा था। तभी महू रोड पर फैक्ट्री के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। घायल को मौजूद लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को जेल
रतलाम। सालाखेड़ी चौकी पुलिस ने अपहरण व दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर सोमवार कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को २५ जून तक जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि दिलीप नगर के समीप राजीव नगर से १७ वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर वेदव्यास कॉलोनी निवासी अमजद उर्फ मि_ू (२७) पिता गोरू खंा भगाकर ले गया था। जिसके साथ बंद कमरे में जबरन दुष्कर्म किया। तीन दिन बाद घर पर लौटी किशोरी ने सारी घटना बताई। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी पूर्व में दर्ज करा रखी थी। वहीं पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराकर आरोपी युवक अमजद को अपहरण व दुष्कर्म सहित पास्को एक्ट में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।