रतलाम. लक्कड़पीठा में बन रही सिटी फोरलेन के दायरे में आने वाले अतिक्रमण को हटाने का मामला एक बार फिर से टल गया है। दो बार पूरी तैयारी होने के बाद फिर से कार्रवाई एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ गई है। मिल गई राहत इस मामले में कम से कम धुलेंडी और रंग पंचमी […]
रतलाम. लक्कड़पीठा में बन रही सिटी फोरलेन के दायरे में आने वाले अतिक्रमण को हटाने का मामला एक बार फिर से टल गया है। दो बार पूरी तैयारी होने के बाद फिर से कार्रवाई एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ गई है।
इस मामले में कम से कम धुलेंडी और रंग पंचमी तक इस क्षेत्र के उन व्यापारियों को राहत मिल गई है जिनके मकान या दुकान इसके दायरे में आ रहे हैं। निगम की कार्रवाई के डर से हर दिन चिंतित रहे व्यापारियों को होली के बाद तक निगम की कार्रवाई से निजात मिल गई है। दूसरी तरफ लंबे समय से बंद पड़ी फ्रीगंज रोड का निर्माण भी कार्य चालू करने की कवायद शुरू हो गई है। यहां भी सडक़ के आसपास के अतिक्रमण सामने आए हैं।
नगर निगम सूत्र बताते हैं कि चांदनीचौक से बाजना बस स्टैंड के बीच रहने वाले पांच मकान और दुकान मालिकों ने निगम के कार्रवाई खिलाफ कोर्ट से स्टे ले रखा है। इन मामलों में इसी माह दो बार कोर्ट की तारीख लग चुकी है और दोनों ही बार सुनवाई नहीं हुई है। कोर्ट की सुनवाई के पहले निगम ने अपनी तैयारी की लेकिन सुनवाई नहीं होने से इसे रोकना पड़ गया है। अब जबकि होली का त्योहार नजदीक होने से निगम ने खुद ही इस कार्रवाई को अपने स्तर पर रोक दिया है। इसकी बड़ी वजह कार्रवाई के दौरान लैबर की उपलब्धता नहीं होना भी सामने आया है।
दूसरी तरफ करीब तीन साल पहले स्वीकृत हुए फ्रीगंज रोड के निर्माण की गतिविधियां निगम ने फिर से शुरू कर दी है। यहां डामरीकरण, सेंट्रललाइटिंग की तैयारी की जा रही है। शुरुआत में फ्रीगंज की चौड़ाई के दायरे में आने वाले अतिक्रमण हटा दिए थे। इसके बाद से यह काम अटका हुआ है। निगम से मिली जानकारी के मुताबिक सडक़ के दूसरी तरफ के अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द ही चूना डाल कर लाल निशान लगाकर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसमें कई मकान और दुकानें आ सकती है। साथ ही कुछ धार्मिक स्थल के भी आने की संभावना जताई जा रही है।
फ्रीगंज रोड का निर्माण इस क्षेत्र में पेयजल पाइप लाइन डालने के लिए रोका था। पाइप लाइन का काम भी काफी देरी से शुरू हुआ और अब जाकर पूरा हो पाया है। इसके पूरा होने पर ही इसके निर्माण की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है।
लक्कड़पीठा में सिटी फोरलेन के दायरे में आने वाले मकानों और दुकानों पर कार्रवाई की जाना है। हमारी तैयारी पूरी है। होली का त्योहार होने से अभी हम रुक गए हैं। त्योहार निकलते ही हमारी कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
अनिल भाना, निगम आयुक्त, रतलाम