
शराब के नशे में बड़े भाई ने मोगरी मारकर छोटे भाई को उतारा मौत के घाट
फोटो-आरटी-1802-मृतक विमल महावर
फोटो-आरटी-1803-पड़ौसियों से पूछताछ करती थाना प्रभारी सोनी
फोटो-आरटी-1804-इस कमरे में हुआ था भाइयों में विवाद
रतलाम। शहर के औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना अंतर्गत लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में गुरुवार देर रात शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कपड़े धोने की मोगरी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जहां पर घटनाक्रम हुआ था, उस मकान को पुलिस ने सूचना के बाद सील कर दिया गया है। मृतक विमल महावर 35 वर्ष को पहले उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, रक्त स्त्राव अधिक होने से इंदौर रैफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या कारित करने के लिए उपयोग की मोगरी को जब्त किया है, अब एफएसएल अधिकारी इसकी जांच करेंगे।
औद्योगिक थाना टीआइ गायत्री सोनी ने बताया लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में रहने वाले त्रिलोकचंद महावर (40 वर्ष) और विमल महावर (35 वर्ष) के बीच गुरुवार देर रात को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस को पड़ौसियों ने बताया है कि जब विवाद हुआ तब दोनों भाई शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई त्रिलोकचंद ने घर में रखी कपड़े धोने की मोगरी उठाकर छोटे भाई विमल के सिर पर चार से पांच बार मारी। इसके बाद विमल का सिर फट गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से विमल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
शेार सुनकर आए पड़ौसी
धर में विवाद के बाद आसपास में भी शोर की आवाज पहुंची। इसके बाद पड़ौसी एक-एक कर एकत्रित हुए और मृतक के जिजा पवन महावर आदि को बुलाया। इसके बाद विमल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस आने के बाद सभी ने मिलकर विमल को उठाया व मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में विमल का प्राथमिक उपचार किया। लेकिन लगातार तबीयत खराब होती देखकर चिकित्सकों ने विमल को तुरंत इंदौर बेहतर उपचार के लिए रैफर करने का निर्णय लिया। इंदौर में विमल का उपचार शुरू किया, इस बीच सुबह उसकी मौत हो गई।
कभी ढोल तो कभी करते पुताई
पड़ौसियों ने पुलिस को बताया की मृतक विमल ही घर के सभी कार्य करता था। उसकी मां जमुना वृद्ध है व गंभीर रूप से बीमार रहती है। दोनों भाई का विवाह नहीं हुआ था। वे कभी ढ़ोल बजाकर तो कभी पुताई कर घर का व्यय पूरा करते थे। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक विमल शांत स्वभाव का था और मां की देखभाल से लेकर घर के सारे काम करता था।
सूचना पर पहुंची पुलिस
औद्योगिक थाना पुलिस मामले में सूचना मिलने के बाद दल-बल के साथ पहुंची। पूरे मामले की पड़ौसियों से जानकारी ली। टीआइ सोनी ने पहुंचते ही सबसे पहले हत्या के लिए उपयोग की गई मोगरी को जब्त किया है। बताया जा रहा है, इस पर खून के निशान बने हुए थे। इसके बाद टीआइ ने पड़ौसियों से एक-एक कर पूछताछ शुरू की। अब पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।