
रतलाम. शहर के चांदनीचौक से त्रिपोलिया गेट तक के रहवासियों और व्यापारियों ने नगर निगम के प्रस्तावित 22 मीटर चौड़े मार्ग पर आपत्ति जताते हुए 18 मीटर सडक़ बनाने की मांग उठाई है। बुधवार की देर शाम क्षेत्र के करीब 370 परिवारों ने बैठक में इस मांग को लेकर सामूहिक रूप से संघर्ष करने का निर्णय लिया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जब शहर के अन्य क्षेत्रों में 18 मीटर चौड़ी सडक़ बनाई जा रही है तो इस क्षेत्र में 22 मीटर चौड़ी सडक़ बनाने की जिद क्यों की जा रही है। अब रहवासी और व्यापारी अपनी मांग को लेकर सीधे मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात करेंगे।
बैठक में सडक़ की प्रस्तावित चौड़ाई को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। रहवासियों और व्यापारियों का कहना था कि क्षेत्र में 22 मीटर चौड़ी सडक़ बनने से प्रभावित परिवारों और कारोबारियों के सामने परेशानी खड़ी होगी। शहर में अन्य स्थानों पर 18 मीटर चौड़ी सडक़ का प्रस्ताव रखा जा रहा है तो चांदनीचौक से त्रिपोलिया गेट तक अलग मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की कि यहां भी शहर के अन्य हिस्सों की तरह 18 मीटर चौड़ी सडक़ ही बनाई जाए।
बैठक में मौजूद लोगों ने तय किया कि इस मुद्दे पर अलग-अलग स्तर पर विरोध करने के बजाय सभी परिवार और व्यापारी एकजुट होकर अपनी बात रखेंगे। इसके लिए सामूहिक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में शामिल पदाधिकारी अब आगे की रणनीति तय करेंगे और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के सामने क्षेत्र के लोगों का पक्ष रखेंगे। बैठक के निर्णय के अनुसार 28 और 29 नवंबर को क्षेत्र के प्रतिनिधि मंत्री काश्यप से मुलाकात कर 22 मीटर के बजाय 18 मीटर चौड़ी सडक़ की मांग रखेंगे।
व्यापारी नितिन पोरवाल ने बताया कि बैठक में व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांग को अनसुना किया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। जरूरत पडऩे पर व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मंत्री से मुलाकात और मांग के निराकरण को लेकर प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद परिस्थितियों के अनुसार आंदोलन की अगली रूपरेखा तय होगी।
बैठक में कारोबारी कांतिलाल छाजेड़, पोरवाल, पारस भरगट, सुदर्शन मालवीय, प्रदीप कटारिया, मदन सोनी, विनोद करमचंदानी सहित बड़ी संख्या में रहवासी और व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने सडक़ की चौड़ाई 18 मीटर रखने की मांग पर सहमति जताते हुए एकजुट होकर प्रयास करने का निर्णय लिया।