
जावरा। शुक्रवार को कालूखेड़ा में परीक्षा देकर घर लौट रहे कक्षा दसवीं के दो छात्रों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में एक छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। घटना से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों ने देर तक शव रोड पर रखकर जाम किया।
नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान ने बताया कि मृतकों की पहचान अजय पिता किशोर (15) और मनोज पिता अमृतराम परमार (15), निवासी ग्राम नवेली के रूप में हुई है। दोनों विद्यार्थी कक्षा दसवीं में साथ पढ़ते थे। शुक्रवार को छमाही परीक्षा में हिंदी का पेपर देने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद 112 वाहन की मदद से दोनों घायलों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल मनोज को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान मनोज ने भी दम तोड़ दिया। कालूखेड़ा थाना पुलिस ने फरार टैंकर चालक की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। पुलिस ने टैंकर की पहचान कर ली है। बाद में टेंकर चालक को पकड़ा और पूछताछ शुरू की, चालक के अनुसार छात्रों की अन्य एक अन्य बाइक से टक्कर हुई थी। अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे के आधार पर जांच करेगी।