
कहीं पेयजल पाइपलाइन के लीकेज पर नगर परिषद को तत्काल सुधार के निर्देश दिए तो कहीं अवैध कॉलोनियों की जांच रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा। उद्यमियों की बिजली समस्या सामने आई तो मौके पर ही समाधान कराया। किसानों ने आधुनिक और जैविक खेती के अनुभव साझा किए, वहीं नागरिकों ने सड़क, अस्पताल, एंबुलेंस और तहसील के दर्जे जैसे मुद्दे उठाए।
शिविर की शुरुआत नागरिकों की समस्याएं सुनने के साथ हुई। कलेक्टर ने नगर परिषद को पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने और लीकेज पाइपलाइन तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। एसडीएम को अवैध कॉलोनियों की जांच रिपोर्ट शीघ्र भेजने को कहा। अन्नपूर्णा मंदिर की 28 बीघा भूमि के मामले में भी तत्काल जांच के निर्देश दिए। तालाब और डेम से सिंचाई के लिए पानी लेने पर रोक सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कम जल उपलब्धता को देखते हुए पेयजल संरक्षण पर जोर दिया।
इसके बाद उद्यमी संवाद में स्थानीय लोगों ने अपनी सफलता और समस्याएं बताईं। युवा उद्यमी विनय जोशी ने उद्यम क्रांति योजना से टीवीएस व्यवसाय शुरू करने का अनुभव साझा किया। अमृतलाल पाटीदार ने प्लाई फैक्टरी और उद्योग विभाग से मिली वित्तीय सहायता की जानकारी दी। बिजली समस्या उठाने पर कलेक्टर ने तत्काल समाधान कराया। उन्होंने सौर ऊर्जा संयंत्र से मिली राहत भी बताई।
किसानों के अनुभवों में जैविक और आधुनिक खेती की तस्वीर सामने आई। सुनील शर्मा ने सात वर्षों से जैविक खेती और मधुमक्खी पालन करने की जानकारी दी। एफपीओ और सीए से संबंधित शिकायत भी रखी। बलराम मेहता ने एक हेक्टेयर में अमरूद उत्पादन कर जयपुर और बड़ोदरा तक फल भेजने की जानकारी दी। ईश्वरलाल पाटीदार ने 10 बीघा में अमरूद का बगीचा विकसित करने के साथ पशुपालन, जैविक खाद और ड्रिप सिंचाई के फायदे बताए।
इसके बाद नागरिकों ने सेजावता-भूतेड़ा मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने बताया कि सड़क बजट में शामिल है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य का फॉलोअप कर जल्द काम कराने के प्रयास करने को कहा। अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर ने बड़ावदा के अस्पताल भवन में टीकाकरण शुरू कराने के निर्देश दिए। एंबुलेंस सेवा के लिए व्यवस्थित प्रणाली विकसित करने की बात कही। बड़ावदा को टप्पा तहसील से पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ी है। शिविर में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एसपी अमित कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, एसडीएम विवेक सोनकर, नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना कुमावत सहित जनप्रतिनिधि और जिला अधिकारी मौजूद रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 12:36 PM IST
Published on:
28 Nov 2026, 12:36 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




