रतलाम. हिन्दू नववर्ष के प्रारंभ दिन नवसंवत्सर पर शहर में श्रद्धा-भक्ति-सेवा-स्वास्थ्य-सत्कार एवं सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। दो घंटे में शहरवासी 6 ड्रम के करीब नीम रस का सेवन कर गए। ब्रह्ममुहूर्त में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मां कालिका का दरबार मातारानी के जयकारों से गूंज उठा। सूर्योदय पर झाली तालाब- घरों […]
रतलाम. हिन्दू नववर्ष के प्रारंभ दिन नवसंवत्सर पर शहर में श्रद्धा-भक्ति-सेवा-स्वास्थ्य-सत्कार एवं सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। दो घंटे में शहरवासी 6 ड्रम के करीब नीम रस का सेवन कर गए। ब्रह्ममुहूर्त में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मां कालिका का दरबार मातारानी के जयकारों से गूंज उठा। सूर्योदय पर झाली तालाब- घरों पर अघ्र्य अर्पण किया। नीम रस-मिश्री का सेवन कर आरोग्य, तिलक लगाकर अभिनंदन और समाजों के मिलन समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान
गुरुवार को चढ़ती सूर्य की किरणों के संग चहुंओर चैत्र प्रतिपदा के प्रथम दिन माहौल भक्तिमय हो गया, पैदल-नंगे पैर मां के दरबार धर्मालु पहुंचते रहे। झाली तालाब में मातृशक्ति उदयगामी सूर्य को गायत्री मंत्र के साथ अघ्र्य अर्पण किया…स्वयं सेवक हिन्दू संगठन के सदस्यों ने राहगीरों का चौराहों पर रोककर तिलक निकाला, मिश्री से मुंह मीठा कराते हुए हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। कई लोगों ने नवीन वाहन खरीदकर पूजन के लिए माता मंदिर पहुंचे।
नौ दिन अलग-रूपों में दर्शन देगी मां
मां कालिका के दरबार में हेमंत पुजारी ने ब्रह्ममुहूर्त में मातारानी का शृंगार दर्शन के लिए पट खोला, आरती के बाद भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में दोपहर से देर शाम तक उमड़ती रही। कई भक्त माता मंदिर में चल रही अखंड ज्योत से ज्योत जलाकर ले गए। कोई मंदिर नंगे पैर आ रहा तो कोई व्रत-उपवास का संकल्प लेकर नवरात्र में मां की भक्ति में लीन नजर आया। शाम 7 से मंदिर में मातृशक्ति ने गरबारास किया। रात 9 बजे आरती के बाद पुन: गरबा शुरू हुआ। शहर के जवाहर नगर चार बत्ती मां पद्यमावति के मंदिर परिसर में भी चैत्र नवरात्र के दौरान पहली बार गरबारास का आयोजन किया शुरू हुआ।
शहरवासियों का तिलक निकालकर अभिनंदन
गुड़ी पड़वा पर सरस्वती शिशु मंदिर काटजू नगर की सदस्याओं ने कालिका माता प्रांगण झाली तालाब पर सुबह 6. 25 बजे सूर्य भगवान को सामूहिक अघ्र्य दिया। शंंख वादन व ध्वज सज्जा कर नव वर्ष का आगाज किया। विद्यालय में गुड़ी पूजी गई। सैलाना बस स्टैंड पर समिति परिवार व प्राचार्या, आचार्य परिवार ने शहरवासियों का तिलक लगाकर एवं प्रसाद वितरण कर शुभकामनाएं दी।
खूब पीया नीम पत्ते का रस
मेहंदीकुई बालाजी मंदिर पर भारत विकास परिषद् की ओर से आयोजित नीम शरबत वितरण का सैकड़ों धर्मालुओं ने लाभ लिया। यहां परिषद् अध्यक्ष स्नेह सचदेवा के नेतृत्व में 25 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 5.30 से 7.30 बजे तक नीम शरबत वितरण किया जाएगा। दीपक चौरडिय़ा ने बताया कि प्रथम दिन नीम शरबत के साथ शहरवासियों का तिलक निकाला और मिश्री खिलाकर स्वागत किया। 6-7 ड्रम नीम रस का वितरण हुआ। कई भक्त बॉटले भरकर घर भी परिवार के सदस्यों के लिए ले गए।
महाराष्ट्र समाज ने गुड़ी बांधकर की पूजा
महाराष्ट्र समाज स्टेशन रोड समाज भवन में शारदा महिला मंडल ने गुड़ी पाड़वा पर आकर्षक रंगोली बनाई। इसके बाद गुड़ी समाज भवन पर बांधकर महाराष्ट्र समाजजनों ने सभी को गुड़ी पड़वा नववर्ष की बधाई दी।
नवरात्र में नौ दिवसीय हवन
ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर चैत्र नवरात्र में हवन पंडित राजेंद्र उपाध्याय, पं. रवि मेहता, पं. शुभ पाठक के मंत्रोचार शुरू हुआ। यजमान सुनील मेहता ने पत्नी सहित आहुतिया प्रदान की। व्यवस्थापक सुनील राठौर ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 9 बजे से हवन होगा। रामनवमी पर पूर्णाहुति के साथ कन्या भोज का आयोजन कर प्रसादी वितरित की जाएग। इस अवसर पर प्रकाशचंद्र व्यास, उषा भार्गव, अशोक सोमानी, दिनेश परमार, संजय चौहान, विपिन त्रिवेदी उपस्थित रहे।
तिलक लगाकर गंगा-जमुनी तहजीब का दिया संदेश
रतलाम। गुड़ी पड़वा पर शहर कांग्रेस ने शहीद चौक पर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में शहरवासियों का नीम शरबत व मिश्री वितरित कर तिलक लगाकर स्वागत किया। गुड़ी पड़वा के साथ बोहरा समाज की ईद पर मुबारक बात देते हुए गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया। इस मौके पर पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, पार्षद यास्मीन शेरानी, भावना पेमाल, कमरुद्दीन कछुवाया, राजीव रावत, प्रदीप राठौर, विजय उपाध्याय, इक्का बैलूत, रवि वर्मा, जोएब आरिफ, शांतू गवली, राजनाथ यादव आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।