रतलाम

भूत-प्रेत के डर से छात्रावास में दहशत, दो दिन में 10 छात्राओं को चक्कर और घबराहट

रावटी के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में भूत-प्रेत और काले कपड़े पहने महिला की मौजूदगी की चर्चा ने छात्राओं के मन में ऐसा डर बैठाया कि दो दिनों में आठ से दस बालिकाओं को चक्कर आने और घबराहट की शिकायत होने लगी।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 4:50 PM IST
भूत-प्रेत के डर से छात्रावास में दहशत, दो दिन में 10 छात्राओं को चक्कर और घबराहट

रतलाम। लगातार दूसरे दिन छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना अभिभावकों तक पहुंची तो शुक्रवार को जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग हरकत में आया। तहसीलदार कुलभूषण शर्मा और डीपीसी अखिलेश राजपूत छात्रावास पहुंचे। उन्होंने वार्डन और छात्राओं से चर्चा की। कुछ छात्राओं को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रावटी स्वास्थ्य केंद्र भी ले जाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सभी को सामान्य बताया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पांच-छह छात्राओं ने चक्कर आने, घबराहट और डर लगने की शिकायत की थी। शुरुआत में इसे सामान्य मानकर छात्राओं को समझा दिया गया, लेकिन शुक्रवार को भी तीन-चार बालिकाओं ने इसी तरह की परेशानी बताई। मामला अभिभावकों तक पहुंचने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रावास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुरानी छात्राओं की बातों से बैठा डर

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि कुछ पुरानी छात्राओं ने छात्रावास में भूत-प्रेत होने और काले कपड़े पहने महिला दिखाई देने जैसी बातें कही थीं। इन बातों से नई छात्राएं भयभीत हो गईं। डर का असर ऐसा हुआ कि उन्हें घबराहट और चक्कर आने लगे। डॉक्टरों ने परीक्षण के साथ छात्राओं से चर्चा की और इसे सामूहिक डर यानी पैनिक की स्थिति बताया।

दूर किया भय

छात्रावास में मौजूद सभी बालिकाओं की काउंसलिंग की गई। उन्हें समझाया गया कि भूत-प्रेत जैसी कोई बात नहीं है और किसी तरह का भय मन में रखने की जरूरत नहीं है। वार्डन को भी निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से छात्राओं से संवाद करें और जरूरत पड़ने पर उनकी काउंसलिंग कराएं। बालिकाओं का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।

सभी छात्राएं सामान्य

डीपीसी अखिलेश राजपूत ने बताया कि छात्राओं के मन में किसी ने भय पैदा कर दिया था। काउंसलिंग के बाद सभी बालिकाएं सामान्य हैं। छात्रावास की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी अन्य छात्रा के मन में भी इस तरह का डर न बैठे।

Updated on:
28 Nov 2026, 4:50 PM IST
Published on: