
रतलाम. मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, विद्यार्थियों में परीक्षा का भय दूर हो और गौशाला में जैविक खाद निर्माण जैसे कार्यों को बढ़ावा मिले। इन व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीईओ जिपं वैशाली जैन ने गुरुवार को आलोट क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। सिविल अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं से लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों के परीक्षा संबंधी मार्गदर्शन और खामरिया की गौशाला में जैविक खाद निर्माण तक, उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
108 एम्बुलेंस की समस्या सामने आई
सिविल अस्पताल में निरीक्षण के दौरान सीईओ जैन ने पोस्टनेटल वार्ड, लेबर रूम, जनरल वार्ड, प्रसूति वार्ड और इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान आमजन ने 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़ी समस्या उनके सामने रखी।
विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
जवाहर नवोदय विद्यालय में निरीक्षण के दौरान सीईओ ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और मेहनत को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से डरने की जरूरत नहीं है। नियमित अध्ययन और निरंतर प्रयास से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
जैविक खाद निर्माण देखा
ग्राम खामरिया स्थित गौशाला में करीब 260 गोवंश हैं। यहां सीईओ जैन ने वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खाद निर्माण के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला में संचालित गतिविधियों और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। गोवंश के संरक्षण के साथ जैविक खाद निर्माण जैसे कार्यों की जमीनी स्थिति भी देखी।
योजनाओं के सहारे युवाओं को दिखी स्वरोजगार की राह
सरकारी योजनाओं का लाभ जब सही हाथों तक पहुंचता है, तो सहायता का एक कदम आत्मनिर्भरता की नई राह खोल सकता है। गुरुवार को डॉ. आंबेडकर मांगलिक भवन में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में ऐसा ही नजारा दिखा। यहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए और युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से सरकार का सकारात्मक चेहरा जनता के सामने आ रहा है। सरकार और प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं। शिविर में जिपं सीईओ वैशाली जैन, एसडीएम विवेक सोनकर, नगर परिषद अध्यक्ष ममता जैन सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अनुभवों ने दिखाई राह
शिविर में उद्यमी संवाद में स्वरोजगार की अलग-अलग कहानियां सामने आईं। युवा उद्यमी कमल गुप्ता ने पीएचजीपी योजना का लाभ लेकर कोटा स्टोन व्यवसाय शुरू करने की जानकारी दी। विजय निगम ने पीएमएफएमई योजना के माध्यम से लहसुन प्रसंस्करण का काम शुरू करने का अनुभव साझा किया। लोकेंद्र सिंह ने पशुपालन में डॉ. भीमराव आंबेडकर योजना का लाभ लेने की जानकारी दी। महेश पाटीदार ने बागवानी के तहत नेट हाउस और पॉलीहाउस के अनुभव साझा किए।