
रतलाम। शहर में हुए राशन घोटाले की जांच शुरू होते ही जांच अधिकारी का तबादला भी हो गया। अब जब तक स्टेशन रोड थाने पर नए अधिकारी की पदस्थापना नहीं होती, तब तक प्रकरण में बहुत अधिक कुछ होना मुश्किल है। वहीं दूसरी और राशन माफियाओं की काली करतूत उजागर होने के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं है। हालात यह है कि जिन लोगों के कार्ड बने है, ये लोग उन्हें भी राशन नहीं दे रहे है। एेसा ही एक मामला शनिवार को प्रकाश में आया।
शहर के रामगढ़ क्षेत्र में स्थित वैष्णोदेवी उपभोक्ता भंडार से कार्ड होने के बाद भी राशन नहीं दिए जाने की शिकायत शनिवार को अवकाश के दिन खाद्य विभाग पहुंची एक युवती ने की। पीडि़ता ने बताया कि वह जब भी उनके क्षेत्र की दुकान पर राशन लेने जाती है, तो दुकान संचालक कभी माल नहीं आने की बात कहकर टाल देता है, तो कभी सुबह आने का कहता है। परिवार चलाने के लिए उसे सुबह काम पर जाना होता है, एेसे वह शाम के समय जब दुकान जाती है, तो दुकान हमेशा बंद ही मिलती है।
११ माह से नहीं दिया राशन
प्रभारी खाद्य अधिकारी भारतसिंह जामरे ने जब पीडि़ता का राशन कार्ड देखा तो उसमें फरवरी २०१७ से राशन नहीं दिए जाने की बात सामने आई, जबकि उसकी माता का विधवा महिला का कार्ड बना हुआ है, जिससे परिवार के सात सदस्यों के नाम दर्ज है। वह आज जब राशन लेने पहुंची, तो दुकान संचालक का कहना था कि विभाग से कार्ड को अपडेट कराकर लाना होगा, तब ही उसे राशन दिया जाएगा। पीडि़ता की बात सुनकर अधिकारी ने उसकी मदद की और दुकान संचालक से जुड़ी समस्त जानकारी जुटाई।
बिना सूचना अनुपस्थित अधिकारी
राशन घोटाले में एफआईआर के बाद से सातवें दिन तक खाद्य विभाग के प्रमुख जिला आपूर्ति अधिकारी आरसी जांगडे़, सहायक आपूर्ति अधिकारी व कनिष्ठ आपूति अधिकारी बिना सूचना के कार्यालय से गायब है। उनकी अनुपस्थित से जुड़ी जानकारी प्रभारी अधिकारी ने कलेक्टर को भी दी, साथ ही भोपाल में पदस्थ विभाग के आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति विवेक पोरवाल को भी इससे अवगत कराते हुए इन्हें जांच होने तक जिले से बाहर व इनके स्थान पर अन्य अधिकारियों की पदस्थापना के लिए पत्र लिखा है।
सारी दुकानें खुलेगी आज
प्रभारी अधिकारी जामरे ने बताया कि २१ जनवरी को रविवार होने के बाद भी सभी दुकान संचालकों को दुकान खोलने के निर्देश जारी किए है। इसके पीछे कारण शासन द्वारा १ से २१ तारीख तक आवश्य रूप से दुकानें खोलकर उपभोक्ता को राशन वितरण करना है। इसके लिए विभाग ने सभी दुकान संचालकों को मैसेज के माध्यम सूचना भी भेज दी है।
कर रहे है जांच
- कलेक्टर के आदेश के चलते राशन दुकानों की जांच टीम बनाकर लगातार समय-समय पर की जा रही है। वहीं जो लोग लंबे समय से दुकानों पर राशन लेने नहीं पहुंच रहे है, उनके कार्ड निरस्त करने के लिए निगम को पत्र लिखा है।
भारतसिंह जामरे, प्रभारी डीएसओ, रतलाम