
सरकारी स्कूल के गेट के पास नशे का कारोबार (फोटो सोर्स: Patrika)
आशीष पाठक की स्टिंग रिपोर्ट
Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम में एक तरफ पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाने का दावा कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ बाजना थाना इलाके के मंडलीय घाटे में जिम्मेदारों की नाक के नीचे शासकीय स्कूल के पास खुलेआम नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। बता दें कि, सेकील के दरबाजे के पास स्थित परचून की दुकान पर खुलेआम गांजा बेचे जाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इसका जीता जागता उदाहरण पत्रिका के हिडन कैमरे में कैद हुआ है।
ऐसे में गंभीर सवाल ये है कि, जिस जगह बच्चों का भविष्य संवरना चाहिए, उसके आसपास नशे का कारोबार बेहद गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार क्षेत्र से मिल रही ऐसी शिकायतों की पुष्टि करने जब पत्रिका संवाददाता खुद इन आरोपों की पुष्टि करने पहुंचे तो स्कूल से लगी एक दुकान पर ही वो सभी आरोप और शिकायतें सच साबित हो गईं। हिडन कैमरे के साथ पहुंचे पत्रिका संवाददाता ने दुकान पर पहुंचकर पूछा- 'माल' है? इसपर जवाब की शक्ल में सवाल करते हुए कहा गया- 'कितना चाहिए?'
हैरानी की बात ये है कि, स्थानीय स्तर पर पुलिस को इस गतिविधि की जानकारी होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसके बावजूद भी अबतक यहां किसी तरह की कार्रवाई नजर नहीं आई है। ऐसे में सवाल है कि आखिर स्कूल के पास नशे का कारोबार करने वालों को किसका संरक्षण मिल रहा है, साथ ही बाजना पुलिस कार्रवाई से क्यों बच रही है?
मंडलीय घाटे में शासकीय स्कूल के नजदीक गांजे की बिक्री के आरोप बेहद गंभीर हैं। स्कूल के आसपास बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। ऐसे संवेदनशील इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आना चिंता बढ़ाने वाला है। अगर इन आरोपों की पुष्टि होती है तो ये सिर्फ अवैध कारोबार का मामला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सुरक्षित वातावरण से जुड़ा गंभीर सवाल भी है।
इलाके में गांजे की बिक्री को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा और शिकायतों के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक इसपर कार्रवाई न किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि, बाजना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी के बाद भी जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। अगर पुलिस को जानकारी है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित स्थान पर निगरानी की गई? क्या गांजा बेचने वालों की पहचान की गई? इन सवालों के जवाब पुलिस को देने चाहिए।
पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई और तस्करों पर शिकंजा कसने के दावे करती है। लेकिन, मंडलीय घाटे में शासकीय स्कूल के पास गांजा बिक्री का मामला इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है। जरूरत है कि, पुलिस सिर्फ अभियान और कार्रवाई के आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायत वाले स्थानों पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति को भी जांच में ले।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
9 Nov 2026, 3:58 PM IST
Published on:
9 Nov 2026, 3:58 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




