
Ratlam News : दीपोत्सव की आहट के साथ ही मध्य प्रदेश के रतलाम में मां महालक्ष्मी की आराधना और भक्ति का रंग गहराने लगा है। धन, वैभव और समृद्धि की देवी के दरबार को सजाने के लिए श्रद्धालु भी अपनी आस्था का अनूठा अर्पण लेकर पहुंच रहे हैं। कालिका माता मंदिर परिसर स्थित श्री महालक्ष्मी नारायण मंदिर इन दिनों नोटों की चमक से जगमगाने लगा है। यहां दीपों के पर्व पर मां के दरबार को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष सजावट की तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोई 10 तो कोई 20, 50, 100, 200 और 500 रुपए के नोटों की गड्डियां लेकर मां के चरणों में अर्पित करने पहुंच रहा है। इन नोटों से मंदिर परिसर में आकर्षक लड़ियां सजाई जा रही हैं। वहीं गर्भगृह में भी नोटों के बंडलों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से मंदिर का स्वरूप धीरे-धीरे बदलने लगा है।
दीपोत्सव के अवसर पर इस मंदिर की सजावट हर साल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहती है। इस बार भी तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में उत्साह का माहौल है। मां महालक्ष्मी के दरबार को भव्य रूप देने के लिए सजावट का काम तेजी से चल रहा है। मंदिर की ख्याति देश-विदेश तक पहुंचने के कारण दीपोत्सव के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है।
दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और व्यवस्थाओं को देखते हुए एक दिन पहले कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दीपोत्सव नजदीक आने के साथ ही मंदिर में सजावट और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है।