
Ratlam Illegal Firecrackers Seized, दुकान से पटाखे जब्त करती पुलिस (Source-Patrika)
Ratlam Illegal Firecrackers Seized: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के बीच बिना लाइसेंस पटाखों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। रावटी पुलिस ने सिंचाई कॉलोनी स्थित एक दुकान पर कार्रवाई कर करीब 3 लाख रुपए कीमत के 46 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं। दुकान में अनार, फुलझड़ियां, टिकड़ियां, सुतली बम, लहसुन टिकड़ी, रॉकेट सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी सामग्री रखी थी। पुलिस ने दुकान संचालक सहित दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। बता दें कि रहवासी क्षेत्र में पटाखों का भंडराण आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिंचाई कॉलोनी में विनोद गांधी की दुकान पर बिना वैध लाइसेंस बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान में 46 कार्टून आतिशबाजी सामग्री मिली। दुकान संचालक विनोद पिता चंदनलाल गांधी (44), निवासी नायन से लाइसेंस मांगा तो उसने लाइसेंस नहीं होना बताया। रहवासी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री के भंडारण और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर थाने पहुंचाई।
पूछताछ में गांधी ने दुकान विकास पिता अशोक मेहता निवासी रावटी को किराए पर देना बताया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 एवं विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। विनोद गांधी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर नियत तिथि पर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया है। जब्त पटाखों को सुरक्षा की दृष्टि से थाने के मालखाने में जमा कराया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष डावर, उपनिरीक्षक मोहम्मद इरफान खान, आरक्षक अवधेश परमार, बहादुर डांगी, प्रेम कटारा सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
Updated on:
1 Nov 2026, 7:41 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 7:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.