
फोटो-आरटी-1111
रतलाम. डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के छात्रों ने इंदौर की संस्था हेल्प द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालयीन क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। महाविद्यालय के दो छात्रों ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के शीर्ष दस में जगह बनाई, जिससे महाविद्यालय का नाम रोशन हुआ है। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के कई प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया।
राज्य भर के प्रतिभाशाली छात्रों के बीच हुए कड़े मुकाबले में रतलाम मेडिकल कॉलेज के पांच सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया। इस दल में मोहम्मद दाऊदी (एमबीबीएस बैच 2023), कौशल वसीटा (एमबीबीएस बैच 2022), अबी अली बावाहिर (बैच 2025) और दिव्य शर्मा (बैच 2022) जैसे होनहार छात्र शामिल थे। प्रतियोगिता में चिकित्सा विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर छात्रों की गहन जानकारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन किया गया। अपने ज्ञान, तर्कशक्ति और त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहम्मद दाऊदी और कौशल वसीटा ने शीर्ष दस में अपना स्थान पक्का किया। उनकी इस सफलता को महाविद्यालय के लिए उपलब्धि माना जा रहा है, जो छात्रों की बौद्धिक क्षमता को दर्शाता है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ अनिता मुथा ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों को भी अकादमिक और सह-अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।