
रतलाम। विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर शनिवार को जिलेभर के दिव्यांग कर्मचारी जिला मुख्यालय पर पहुंचे। यहां पुराने कलेक्ट्रेट में एकत्र होकर सभी ने मतदाता जागरुकता अभियान के तहत मतदान के लिए लोगों को जागरुक करने का संकल्प लिया।
इसके पूर्व पुराने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित दिव्यांग कर्मचारी सम्मेलन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर दिव्यांगों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराए जाने वाली सामग्री की जानकारी दीराज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में स्वीप के तहत लगातार गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके चलते शनिवार को जिला मुख्यालय पर जिलेभर के दिव्यांग कर्मचारी रतलाम में एकत्र हुए थे।
दिव्यांग मतदाताओं की मार्किंग पूरी
दिव्यांग कर्मचारियों से चर्चा के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने कहा कि जिले में मतदान केंद्रवार दिव्यांग मतदाताओं की मार्किंग पूरी कर ली गई है। हमारा प्रयास है कि सभी दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करे। इसके लिए मतदान केंद्रों पर दिव्यांगों के लिए जरूरी सभी सहायक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसकी सूचना केंद्र पर भी अंकित की जाएगी।
गर्भवती महिलाओं के लिए भी विशेष सुविधा
चुनाव में गर्भवती महिलाओं व दिव्यांगों के लिए क्यू लेस मतदान की व्यवस्था की जा रही है, इसके तहत इन्हे लाइन में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। इस दौरान एकत्र करीब 300 दिव्यांग कर्मचारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ फ ोटो भी खिंचवाई। इस बार विधानसभा चुनाव में दिव्यांग कर्मचारी बूथ भी बनाए जा रहे है, जिसमें पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी क्रमांक एक, दो व तीन दिव्यांग ही रहेंगे।
इन्हे रहेगी प्राथमिकता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जो दिव्यांग अपना वोटर आईडी अब तक नहीं बना पाए हैं, वह तत्काल बनवा ले। जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है वे अपना नाम सूची में दर्ज करवा सकते हैं। अभी 8 दिन का समय और है। सीईओ जिला पंचायत सोमेश मिश्रा ने बताया कि जिले के कई दिव्यांग कर्मचारी मतदाता जागरुकता के लिए आइकॉन बनने के लिए आगे आए। इन्होंने संकल्प लिया कि वे जिलेभर में अन्य व्यक्तियों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।