MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम में मंत्री विजय शाह ने एक बार से विवादित बयान दे दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि जिनके ढाई-ढाई सौ रुपए बढ़ रहे हैं। उनकी जांच कराएंगे।
MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ विजय शाह ने फिर से विवादित बयान दे दिया है। दरअसल, अधिकारियों से चर्चा के दौरान मंत्री जी ने बैठक में कह दिया कि जो लाड़ली बहनें सीएम का सम्मान नहीं करेंगी। हम उन बहनों की जांच कराएंगे। इस बयान के बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा में यदि थोड़ी-सी भी शर्म और नैतिकता बची है, तो तुरंत इनका इस्तीफा लिया जाए।
बैठक में मंत्री विजय शाह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से जिले में लाड़ली बहनों की संख्या पूछी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में करीब ढाई लाख के आसपास लाड़ली बहने हैं। इस पर मंत्री जी ने कहा कि सीएम को दो साल हो गए हैं। ढाई लाख में से कम से कम 50 हजार को सम्मान करने आना चाहिए।
आगे मंत्री विजय शाह ने कहा कि सरकार 1500 सौ रुपए के हिसाब से करोड़ों रुपए दे रही है। तो एक बार धन्यवाद बनता है। भोजन की व्यवस्था हम करा देंगे। जो नहीं आएंगी, फिर उनको देखेंगे। मंत्री जी यहीं नहीं रूके उन्होंने कहा कि जिनके ढाई-ढाई सौ रुपए बढ़ रहे हैं। उनकी जांच कराएंगे। किसी का आधार लिंक नहीं है तो थोड़ी पेंडिंग कर देंगे। मतलब वो पेंडिंग हो ही जाएंगी। फिर सब आएंगी।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जिन लाड़ली बहनों का भाजपा को सम्मान करना चाहिए, वहां उन्हें भाजपा के लाड़ले मंत्री अपमानित कर रहे हैं।
'पहले देश की गौरव कर्नल सोफिया कुरैशी पर ओछी टिप्पणी और अब प्रदेश की माता बहनों को धमकी, यह भाजपा की कुंठित और महिला विरोधी मानसिकता का साफ प्रमाण है।'
'मुख्यमंत्री जी की चुप्पी इस पूरे अपमान पर मुहर लगाने जैसा है। पीएम मोदी जी, क्या आपकी पार्टी में महिला अपमान ही आगे बढ़ने का रास्ता बन चुका है। जो मंत्री पहले देश की सेना और अब प्रदेश की करोड़ों बहनों का अपमान कर रहे हैं, उन्हें सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं। भाजपा में यदि थोड़ी सी भी शर्म और नैतिकता बची है, तो तुरंत इनका इस्तीफा लिया जाए।'