
रतलाम. दो साल पहले मालीकुआ क्षेत्र में दूध विक्रेता को चाकू मारने वाले तीनों आरोपियों भोला उर्फ मोनू पिता रामेश्वर पाटीदार (29) निवासी ग्राम मूंदड़ा, तहसील-देपालपुर, वर्तमान निवासी पैलेस रोड़ रतलाम, हितेश उर्फ भय्यू उर्फ कालिया पिता सीताराम साहू (34) निवासी राजीव नगर और विष्णु उर्फ काला पिता आनंद टांक (22) निवासी हरिजन बस्ती, सिलावटों का वास को न्यायालय सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव ने दोषी मानते हुए दो-दो वर्ष की सजा व जुर्माने से दंडित किया है।
अपर लोक अभियोजन समरथ पाटीदार ने बताया कि फरियादी अजय पाटीदार निवासी कुआंझागर ने पुलिस को बताया था कि 16 दिसंबर 2024 की शाम करीब 7 बजे में लोकेन्द्र नाथ मंदिर दूध देने गया था। दूध देकर वापस लौट रहा था, तब भोला पाटीदार का नाबालिक भांजा शराब के नशे में बीच सडक़ पर मोबाइल चला रहा था। हॉर्न बजाया तो वह नहीं हटा। उसे साइड में होने का कहा तो वह गालियां देने लगा। उसने उसके मामा भोला पाटीदार को फोन लगाया। माली कुंआदेवरे के पास पहुंचा तो कार से भोला पाटीदार उसका भांजा उतरे और चाकू से वार करने लगे। भोला पाटीदार उसके भांजे व अन्य दो साथियों ने बीच-बचाव करने आए विकास गुर्जर, राहुल जाट, अमन माली व राकेश जाट के साथ भी मारपीट की। फिर ये लोग भाग गए। पुलिस ने विवेचना के बाद चालान न्यायालय मे पेश किया। न्यायालय ने अभियुक्त भोला पाटीदार, विष्णु उर्फ काला व हितेश को यह सजा सुनाई। भोला और विष्णु पहले से जेल में अन्य प्रकरण में बंद है। भोला का भांजा नाबालिक होने से उसका प्रकरण बाल न्यायलय में चल रहा है।
रईस उर्फ कालू जिलाबदर
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजय कटेसरिया ने माणकचौक थाने में दर्ज अपराधों में संलिप्तता पाए जाने पर आदतन अपराधी रईस उर्फ कालु पिता मेहबूब खान निवासी जयभारत नगर को एक साल के लिए जिलाबदर करने के आदेश दिए हैं। इस अवधि में वह जिले की राजस्व सीमा के साथ-साथ समीपवर्ती जिले उज्जैन, आगर, धार, झाबुआ एवं मंदसौर की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए बाहर रहेगा।
खुद की बाइक से गिरे युवक की मौत
खुद की बाइक से सोमवार की रात में मूंदड़ी-पलास मार्ग पर गिरे युवक राकेश पिता गिरधारीलाल गरवाल (34) की मंगलवार तडक़े इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार युवक सोमवार की रात करीब नौ बजे में पलास-मूंदड़ी रोड पर बाइक से जा रहा था कि अचानक ही बाइक सहित सडक़ किनारे जा गिरा। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां मंगलवार तडक़े करीब चार बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एनडीपीएस केस में 5 हजार का इनामी गिरफ्तार
एनडीपीएस के एक प्रकरण में पिछले छह माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी अनिल पिता रामलाल बागरी (24) को आलोट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे अवैध मादक पदार्थ अफीम के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
एसडीओपी पल्लवी गौर ने बताया आलोट पुलिस टीम को मुखबिर से एनडीपीएस प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी अनिल पिता रामलाल बागरी (24) निवासी ग्राम पिपलिया पीथा के बारे में सूचना मिली थी। इस पर उसे घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। उस पर पांच हजार का इनाम भी घोषित था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया है।