
चुनाव आयोग ने मतदाताओं को लंबी कतार से निजात देने के लिए ऑनलाइन नई सुविधा प्रदान की
रतलाम। चुनाव आयोग ने मतदाताओं को लंबी कतार से निजात देने के लिए विभाग को तकनीकी से जोड़ते हुए ऑनलाइन नई सुविधा प्रदान की है। जिसके तहत नया रजिस्ट्रेशन कराने से लेकर नाम, पता, विधानसभा और निर्वाचन केंद्र परिवर्तन कराने जैसी सुविधाएं भी शामिल है। इनके अलावा एसएमएस अलर्ट सेवा और घर बैठे अपने मतदान केंद्र की भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस से लोगों को अपने वोटर आईडी में किसी भी तरह का परिवर्तन करवाने के लिए यहां-वहां चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे अब चेन से अवकाश के दिन भी घर पर बैठकर ऑनलाइन अपने वोटर आईडी संबंधी काम निपटा सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले उन्हें सीईओ-मप्र डॉट एनआईसी डॉट इन वेबसाइट खोलनी है। बस इसी की मदद से आप अपना नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने से लेकर किसी भी तरह का परिवर्तन करवा सकेंगे। इस काम के लिए आपको इसी वेबसाइट पर ही मतदाता को ऑनलाइन रजिस्टे्रशन की लिंक मिलेगी।
राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल पर करें क्लिक
इस पर क्लिक करने के बाद राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल नामक वेबसाइट खुल जाएगी। इस पर जाने के बाद दो लिंक नजर आएंगी। इन दोनों ही लिंक के माध्यम से पहले मतदाता अपनी पूरी जानकारी देख पाएगा। दिए गए फार्म में जानकारी भरने के बाद सूचना संबंधित अधिकारी के पास चली जाएगी। साथ ही आपके द्वारा दर्ज कराए गए मोबाइल पर भी मैसेज आएगा। इसके कुछ दिन बाद संबंधित पंजीयन अधिकारी मतदाता के घर आएगा और उसके दस्तावेजों का वेरिफिकेशन करेगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोरियर की मदद से मतदाता को उसका मतदाता पत्र मिल जाएगा।
टोल फ्री नंबर १९५० पर कॉल करके लें जानकारी
यदि इसके बाद भी कोर्रवाई न हो तो मतदाता टोल फ्री नंबर १९५० पर कॉल करके जानकारी लें और उसी हिसाब से कार्रवाई करें। इतना ही नहीं आयोग ने एसएमएस अलर्ट सेवा भी शुरू की है। अपने रिजस्टर्ड मोबाइल की मदद से आप अपने मतदान केंद्र की भी जानकारी ले सकते हैं। इसके लिए मतदाता को अपने मोबाइल में एमपी स्पेस एपिक नंबर लिखकर ५१९६९ पर सेंड कर दें।
फैक्ट फाइल
जिला में वर्तमान में मतदाताओं का आंकडेवार विवरण
पुरूष - ४ लाख ८३ हजार ६६८
महिला - ४ लाख ६४ हजार ४८
कुल - ९ लाखर ४७ हजार ७४२
आवेदन करते ही प्रोसेस शुरू हो जाती है
सभी तरह की सविधाएं अब ऑनलाइन शुरू कर दी गई है। एक बार आपने अपनी समस्या के हिसाब से ऑनलाइन आवेदन कर दिया तो फिर प्रोसेस शुरू हो जाती है। आवेदन के बाद हमारी संबंधित टीम घर जाएगी और वेरिफिकेशन करके वोटर आईडी बनाएगी।
- प्रवीण फुलपगारे, जिला निर्वाचन अधिकारी रतलाम