रतलाम

हाईकोर्ट मे जमानत पर सुनवाई का इंतजार

- मामला शहर में हुए दस करोड़ के राशन घोटाले का, निचली अदालत में खारिज हो चुकी है कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की अग्रिम जमानत
2 min read
• •
Updated: 28 Feb 2018, 12:47 PM IST
patrika

रतलाम। शहर में उजागर हुए करीब दस करोड़ के राशन घोटाले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वंदना बबेरिया ने अग्रिम जमानत के लिए अब हाईकोर्ट में याचिका लगाई है, जिस पर होने वाली सुनवाई को लेकर वंदना सहित अन्य अधिकारी, ठेकेदार व दुकान संचालक व विक्रेताओं की नजर उस पर टिकी है। वंदना ने पूर्व में रतलाम में रतलाम में अर्जी लगाई थी, जहां न्यायालय ने जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। यहां याचिका खारिज होने पर उसने हाईकोर्ट में आवेदन किया था, जिस पर सुनवाई का सभी को इंतजार है।

कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की जमानत पर ही अन्य अधिकारी व राशन दुकान संचालकों की नजर है। यदि हाईकोर्ट में उसे अग्रिम जमानत मिलती है, तो उसके आधार पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और नगर निगम के अन्य अधिकारी भी जमानत के लिए आवेदन करेंगे। फिलहाल सबकी नजर बुधवार को न्यायालय में होने वाली सुनवाई पर टिकी है। फिलहाल केस दर्ज होने के बाद से विभाग प्रमुख सहित दो अन्य अधिकारी बिना किसी सूचना के अवकाश पर चल रहे है।

विभागीय जांच का भी नहीं पता
राशन घोटाले में खाद्य विभाग व नगर निगम के अधिकारियों पर केस दर्ज होने के बाद इनकी विभागीय जांच भी होना थी, लेकिन अब तक उसकी प्रक्रिया के बारे में विभाग प्रमुख को भी कोई जानकारी नहीं है। इन सभी की जांच को लेकर कलेक्टर ने संभागायुक्त को पत्र लिखा था। इतना ही नहीं घोटाले में शामिल अधिकारी यहां पर जांच को किसी प्रकार से प्रभावित न कर सके उसके लिए उनके तबादले भी किए जाने थे, लेकिन अब तक वह भी नहीं हो सके।

कोई नहीं गिरफ्तार
घोटाले में केस दर्ज होने के करीब डेढ़ माह बाद भी पुलिस मामले में एक भी आरोपी को पूछताछ के लिए भी हिरासत में नहीं ले सकी है। वहीं बाद में जिन राशन दुकान के संचालक व विक्रेताओं के नाम इसमें आए है, उनके नाम भी एफआईआर में अब तक नहीं जुड़ सके है। वहीं नगर निगम से जो दस्तावेज पुलिस को चाहिए थे, वह भी पूरी तरह से उसे नहीं मिल सके है। पुलिस की माने तो अधूरे दस्तावेजों के होने से जांच में परेशानी आ रही है।

इनका कहना है
नहीं हुई गिरफ्तारी
- कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाए जाने की सूचना मिली है, लेकिन उस पर अभी सुनवाई के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। राशन घोटाले में फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
अजय सारवान, निरीक्षक, थाना स्टेशन रोड

Published on: