रतलाम

पहली किश्त दे दी, नक्शा कब दोगे

पीएम आवास में देरी, फूटा आक्रोश, निगम में किया प्रदर्शन

2 min read
Nov 28, 2017
patrika

रतलाम। शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों ने सोमवार को नगर निगम पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई। हितग्राहियों को उनके बैंक खातों में मकान निर्माण के लिए पहली किस्त जारी हो गई है, लेकिन निगम से निर्माण का नक्शा नहीं मिल पाने के कारण वे आवास बनाने की शुरूआत नहीं कर पा रहे है। बिना नक्शे के निगम अनुमति नहीं दे रहा। हितग्राहियों का कहना है कि वे लाभ से वंचित हो रहे है।

शहर के अर्जुन नगर एवं बजरंग नगर सहित आसपास की बस्तियों के रहवासियों को पीएम आवास योजना के तहत उनके नए आवास बनाने के लिए चयनित किया गया है। नगर निगम के माध्यम से हो रही इस प्रक्रिया को लेकर सोमवार को रहवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। डेढ़ दर्जन से ज्यादा रहवासियों को आवास योजना के तहत पहली किस्त बैंक खातों मेंं जमा हो गई है, लेकिन वे इसका उपयोग नहीं कर पा रहे है। इसी मांग को लेकर रहवासियों ने नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शैरानी और पार्षद रजनीकांत व्यास से चर्चा कर निगम प्रभारी की उदासीनता को लेकर आपत्ति दर्ज कराई।

हर हितग्राही को मिले ५० हजार रुपए
रहवासियों ने बताया कि उन्हें बैंक खाते में ५०-५० हजार रुपए की राशि जारी हो गई है, लेकिन अब तक नगर निगम ने यह नहीं बताया है कि निर्माण कहां तक किया जाना है। हालांकि नियमों के तहत १५ बाय ३० के आवास बनाए जाने है, लेकिन इसके लिए निर्माण का नक्शा नहीं मिला है। इसे लेकर ही रहवासियों ने देरी पर कई सवाल किए।

शाम को किया आवास स्थल का निरीक्षण
रहवासियों की शिकायत के बाद शाम को कार्यपालन यंत्री श्याम व्यास ने बजरंग नगर एवं अर्जुन नगर में जाकर आवास स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क से निर्माण की दूरी का चिन्हांकन करने के बाद निर्माण के लिए प्रस्तावित लाइन भी डाली गई। रहवासियों को पहली किस्त की राशि से आवास की इसी आधार पर शुरूआत करना है।

राशि दी तो अनुमति क्यों नहीं
पीएम आवास के हितग्राहियों को राशि जारी होने के बाद भी भटकना पड़ रहा है। कई रहवासी रोजाना के काम वाले हैं और अनुमति के लिए निगम के चक्कर नहीं काट सकते। इस संबंध में हमने आयुक्त को भी जानकारी दी है।
- यास्मीन शैरानी, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम रतलाम


सभी स्थलों पर लाइन डाली
कुछ हितग्राही राशि जारी होने के बाद निर्माण की अनुमति संबंधी चर्चा के लिए आए थे, उनकी बात सुनने के बाद हमने शाम को ही मौके पर जाकर स्थल देखे और लाइनिंग भी कर दी गई है।
- श्याम व्यास, कार्यपालन यंत्री नगर निगम रतलाम

Published on:
28 Nov 2017 12:30 am