
रतलाम। पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में घर से निकले पुलिस आरक्षक की बाइक समेत कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरक्षक गुस्से में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान वाहन पर नियंत्रण खोने से वे गांव में स्थित बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे। मृतक की पहचान कमल सिंह राजपूत (पिता नारायण सिंह), निवासी दलौदा सगरा के रूप में हुई है। वे पिपलौदा थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार कमल सिंह राजपूत ड्यूटी पूरी करने के बाद शाम को घर पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर पत्नी से उनका विवाद हो गया। इसके बाद जब विवाद गहराया तो गुस्से में बाइक ली और बाइक लेकर घर से निकल गए। बताया जा रहा है कि गुस्से की हालत में बाइक चलाते समय वे वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए। इसी दौरान बाइक समेत बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरक्षक के कुएं में गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने के प्रयास किए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। आरक्षक की असमय मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक छा गया। सहकर्मियों और परिचितों ने भी घटना पर दुख जताया।
गांवों में खुले और बिना मुंडेर वाले कुएं सुरक्षा के लिहाज से बड़ा खतरा बने हुए हैं। खासकर रात के समय अंधेरे में वाहन चालकों को इनका अंदाजा नहीं लग पाता। कुओं के आसपास सुरक्षा दीवार और संकेतक नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कमल सिंह के साथ हुआ हादसा भी खुले कुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।