13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मालवा-निमाड़ में सौर ऊर्जा क्रांति, एक लाख घरों की छतों पर लगे सोलर प्लांट

560 मेगावाट से अधिक बिजली का हो रहा उत्पादन, पीएम सूर्यघर योजना से उपभोक्ताओं को मिली 550 करोड़ रुपए से ज्यादा की सब्सिडी, इंदौर के बाद उज्जैन दूसरे और रतलाम तीसरे स्थान पर
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Ashish Pathak

•

Updated: 13 Nov 2026, 8:13 PM IST

ratlam breaking news

इंदौर के बाद उज्जैन दूसरे और रतलाम तीसरे स्थान पर

रतलाम। बिजली के बढ़ते खर्च से राहत पाने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने के लिए मालवा-निमाड़ के उपभोक्ता तेजी से सौर ऊर्जा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। घरों की छतों से लेकर उद्योगों और सरकारी-निजी परिसरों तक सोलर प्लांट लगाने का सिलसिला अब एक बड़े अभियान का रूप ले चुका है। पश्चिम मध्यप्रदेश में रूफ टॉप सोलर संयंत्रों की संख्या एक लाख पार हो गई है। इन संयंत्रों के माध्यम से 560 मेगावाट से अधिक क्षमता की सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। खास बात यह है कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने इस अभियान को गति दी है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को अब तक 550 करोड़ रुपए से अधिक की सब्सिडी मिल चुकी है।

एक लाख से अधिक परिसरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने अन्य बिजली उपभोक्ताओं से भी रूफ टॉप सोलर अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी का लाभ लिया जा सकता है। इससे एक ओर बिजली बिल में बचत होगी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के जरिए पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।

83 हजार घरों तक पहुंची पीएम सूर्यघर योजना

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि 10 नवंबर की स्थिति में कंपनी के कार्यक्षेत्र में रूफ टॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया है। इनमें से 83 हजार से अधिक घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर संयंत्र लगाए गए हैं। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को प्रति संयंत्र अधिकतम 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। अब तक केंद्र सरकार की ओर से 550 करोड़ रुपए से अधिक की सब्सिडी उपभोक्ताओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा उत्पादन का दायरा केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है। विभिन्न योजनाओं के तहत घरों के अलावा उद्योगों, कार्यालयों और अन्य परिसरों की छतों पर भी सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इस तरह एक लाख से अधिक स्थानों से सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। कुल स्थापित क्षमता 560 मेगावाट से अधिक हो चुकी है।

इंदौर में सबसे ज्यादा, रतलाम तीसरे स्थान पर

रूफ टॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के मामले में इंदौर जिला कंपनी के कार्यक्षेत्र में सबसे आगे है। इंदौर महानगर क्षेत्र में करीब 40 हजार और पूरे जिले में 45 हजार स्थानों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल उत्पादन क्षमता 225 मेगावाट से अधिक है।जिलावार स्थिति देखें तो इंदौर के बाद उज्जैन दूसरे और रतलाम तीसरे स्थान पर है। रतलाम जिले में 9150 स्थानों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे जिले ने सौर ऊर्जा उत्पादन के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

जिलावार सोलर संयंत्रों की स्थिति

जिला स्थापित संयंत्र

इंदौर 45,000

उज्जैन 9,450

रतलाम 9,150

मंदसौर 6,350

देवास 5,330

खरगोन 5,290

नीमच 5,070

अन्य जिलों में भी बढ़ रही रुचि

पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत आने वाले अन्य जिलों में भी सौर ऊर्जा को लेकर उपभोक्ताओं की रुचि लगातार बढ़ रही है। इन जिलों में 650 से लेकर 3900 तक सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। कंपनी अधिकारियों के अनुसार, सरकारी सब्सिडी और बिजली बिल में होने वाली बचत के कारण लोग अपनी छतों पर सोलर प्लांट लगाने के लिए आगे आ रहे हैं।सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ता रुझान बिजली उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक बचत का माध्यम बनने के साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में भी मददगार साबित हो रहा है। एक लाख परिसरों में संयंत्र स्थापना का आंकड़ा पार होना इस बात का संकेत है कि मालवा-निमाड़ में स्वच्छ ऊर्जा अब केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं की पसंद बनती जा रही है।