11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रतलाम में TTE पर लगा वसूली का आरोप, छात्र से लिए 400 रुपए, रसीद भी नहीं दी, वीडियो वायरल

Ratlam Division news: रतलाम मंडल में एक छात्र से टीटीई ने जनरल टिकट अपग्रेड के नाम पर 400 रुपये लेकर रसीद नहीं दी। रसीद मांगने पर कथित बदसलूकी और अधिकारियों तक हिस्सा पहुंचने की धौंस दी गई, वीडियो वायरल।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Astha Awasthi

•

Updated: 11 Nov 2026, 1:01 PM IST

ट्रेन में बैठा टीटीई (Photo Source - Patrika)

ट्रेन में बैठा टीटीई (Photo Source - Patrika)

Ratlam news: एमपी में रेलवे की पारदर्शिता और यात्रियों की सुविधा के दावों के बीच रतलाम मंडल में वसूली और कर्मचारियों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। मंदसौर से चित्तौड़गढ़ जा रहे एक छात्र से जनरल टिकट को एसी श्रेणी में अपग्रेड करने के नाम पर 400 रुपए लेने और रसीद नहीं देने का आरोप है। हद तब हो गई, जब रसीद मांगने पर टीटीई ने कथित तौर पर शिकायत करने की चुनौती देते हुए अधिकारियों तक त्योहार का हिस्सा पहुंचने की बात कह दी। छात्र ने पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पत्रिका इसकी पुष्टि नहीं करता है।

मंदसौर निवासी छात्र करण सांखला के अनुसार, 6-7 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उसे आपात स्थिति में मंदसौर से चित्तौड़गढ़ जाना था। इसके लिए उसने ट्रेन संख्या 19712 का वैध जनरल टिकट लिया। रात में वह ए-1/ए-2 कोच में चढ़ गया और ड्यूटी पर मौजूद टीटीई से नियमानुसार एसी श्रेणी में टिकट अपग्रेड करने तथा अतिरिक्त किराये की रसीद देने को कहा।

यह है आरोप

आरोप है कि टीटीई ने उससे 400 रुपए ले लिए, लेकिन कोई रसीद नहीं दी। इसी दौरान टीटीई के साथ मौजूद कोच अटेंडेंट ने छात्र का मूल जनरल टिकट भी अपने कब्जे में ले लिया और लौटाने से इनकार कर दिया। छात्र के मुताबिक, टीटीई की वर्दी पर अनिवार्य नेम बैज भी नहीं लगा था।

अधिकारियों का नाम लेकर दिखाई धौंस

करण ने जब 400 रुपए की पक्की रसीद मांगी तो टीटीई कथित तौर पर बदसलूकी पर उतर आया। छात्र का आरोप है कि उसने शिकायत करने की चुनौती देते हुए कहा कि डीआरएम और सीनियर डीसीएम रतलाम तक हमारा कट जाता है, त्योहार का हिस्सा ऊपर तक पहुंचता है। इस कथित बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

वीडियो बनाया, फिर भी शिकायत बंद !

छात्र ने नकद राशि लेने और कथित बदसलूकी का पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो के स्क्रीनशॉट और साक्ष्यों के साथ रेलवे के रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। प्रशासनिक स्तर पर ट्वीट के जरिए भी मामला उठाया। लेकिन आरोप है कि रेलवे ने ठोस जांच और कार्रवाई की जानकारी दिए बिना ही शिकायत का स्टेटस बंद कर दिया। पोर्टल पर रिमार्क्स में केवल 'Forwarded to Commercial Inspector for report' लिखकर शिकायत क्लोज कर दी गई।

टीटीई की पहचान नहीं

करण का कहना है कि नेम बैज नहीं होने के कारण वह संबंधित टीटीई की पहचान नहीं कर पाया। अब वह रतलाम में सीनियर डीसीएम को भी शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग करेगा।