#Ratlam जिले में चल रही माही समूह जल परियोजना, 608 करोड़ खर्च किए, अब भी पिपलौदा में कंठ प्यासे
रतलाम। रतलाम जिले में पेयजल समस्या के समाधान के लिए दो परियोजनाएं चल रही है। एक परियोजना में झाबुआ से माही नदी का जल लेकर आना है तो दूसरी में मंदसौर जिले के गांधीसागर से पेयजल आएगा। झाबुआ से माही का जल लाने की परियोजना में आलोट को छोड़कर शेष पूरे जिले में पेयजल मिलना है, जबकि गांधीसागर से आना वाला जल आलोट क्षेत्र में मिलना है। दोनों परियोजना अपनी रफ्तार से चल रही है। फिलहाल गर्मी की शुरुआत भी नहीं हुई और अंचल में कंठ प्यासे होने लगे है। जहां हैडपंप खराब हुए, उनमें कुछ ऐसे भी है, जो कभी सही नहीं हो सकते। उसकी वैकल्पिक योजना का फिलहाल अभाव है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के काम करने में कमजोर प्रदर्शन के चलते ही राज्य शासन ने माही का जल रतलाम लाने की 2017 करोड़ की परियोजना को जल-जीवन मिशन को दे दिया।
हाल ही में यह मामला विधानसभा में भी उठा। जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडे ने इस मामले को उठाया। तब शासन ने विधायक के सवाल पर जवाब में बताया माही समूह जल प्रदाय योजना में जल जीवन मिशन के तहत एक बड़ी परियोजना है, जिसका उद्देश्य माही नदी या अन्य स्त्रोतों से पानी लेकर, पाइपलाइन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। खासकर रतलाम जैसे जिलों में, जहां लाखों घरों को स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है। 2017 करोड़ की योजना में जावरा-पिपलौदा के 235 गांव शामिल हैं। हालांकि जिले में कई गांव ऐसे है जहां हेडपंप हो गए है, जिनके सुधार के लिए जिम्मेदार कदम तक नहीं उठा रहे है।
विकासखंड अनुसार जिले में हैडपंप के हालात
विकासखंड - गांव - हैडपंप - बंद - ठीक नहीं हो सकते
रतलाम - 168 - 2644 - 6 - 13
सैलाना - 237 - 1723 - 5 - 23
बाजना - 220 - 1524 - 5 - 26
जावरा - 145 - 1476 - 4 - 36
पिपलौदा - 90 - 745 - 3 - 24
आलोट- 191 - 1022 - 36 -223
कुल 1050 - 9134 - 8949 - 185
--------------
विकासखंड अनुसार बंद नलजल योजनाएं
कुलं योजनाएं - चालू - बंद
रतलाम - 108 - 108 -0
सैलाना - 51 - 48 - 3
बाजना - 35 - 32 - 3
जावरा - 71 -71 - 0
पिपलौदा - 63 -63 - 0
आलोट - 78 - 78- 0
कुल - 406 -400 - 6
----------------------
सिंगल फैज पंप के हालात
योजनाएं - चालू - बंद
रतलाम - 405 - 378 - 27
सैलाना - 192 - 181 - 11
बाजना - 163 - 154 -9
जावरा - 212 - 198 - 14
पिपलौदा - 157 - 150 - 7
आलोट - 223 - 177 - 46
कुल - 1352 - 1238 - 114
इनका कहना
रतलाम जावरा व पिपलौदा विकासखंड में ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल हेतु माही समूह जल प्रदाय योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से जिले में पेयजल प्रदाय करने का प्रावधान रखा गया है। इस योजना में 609 करोड़ रु की राशि व्यय हो गयी है। करीब 1700 करोड़ रुपए की यह योजना है, जिसको अगले वर्ष दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जहां हैडपंप खराब है, उनके सुधार को कहा है।
- संपतिया उईके, मंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मप्र शासन
समीक्षा हर बैठक में
पिछली बैठक में जो निर्देश दिए जाते है, उनकी समीक्षा अगली बैठक में होती है। नलकूप से लेकर हैडपंप सुधार को कहा गया है। समय-सीमा में कार्य नहीं होगा तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।