रतलाम

Ratlam Collector ने नहीं दिया मिलने का समय : जिला पंचायत अध्यक्ष पति के साथ बैठी धरने पर

Mar 23, 2026
Ratlam Collector
Ratlam Collector


रतलाम। रतलाम में सोमवार रात अचानक हुए एक नाटकीय घटनाक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लाल बाई चंद्रवंशी ने कलेक्टर मिशा सिंह के ​खिलाफ अपने पति के साथ धरना देना शुरू कर दिया।

राजस्व, नाबालिग के अपहरण सहित अन्य मामलों के लिए सोमवार को कलेक्टर मिशा सिंह से मिलने जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई अपने पति शंभुलाल के साथ पहुंची थी। कलेक्टर अधिकारियों की बैठक में थी। ऐसे में कलेक्टर पर जनप्रतिनिधियों से दूरी बनाने का आरोप लगाते हुए जिप अध्यक्ष लाला बाई व उनके पति शंभुलाल रात 9 बजे कलेक्टर कार्यालय की सीढी पर धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलने ही प्रशासनिक हड़कंप हो गया। कलेक्टर ने शहर तहसीलदार ऋषभ ठाकुर को मौके पर भेजा व मान-मनोव्वल के बाद धरना समाप्त कराया।

जिप अध्यक्ष लाला बाई के अनुसार वे सुबह 11 बजे बाद कलेक्टर से मिलने आई। तब बताया मेडम मीटिंग में है। इसके बाद दोपहर में आई तो बताया गया मेडम मीटिंग में है। शाम को आकर बाहर ही इंतजार अपने पति के साथ करती रही, लेकिन कलेक्टर बगैर मिले चली गई। यह जनप्रतिनिधि का अपमान है।

पदाधिकारियों से की बात

मामले में धरना देने के पहले जिप अध्यक्ष ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारियों से बात की। सभी को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद अचानक से धरने पर बैठ गई।

इसलिए मिलना चाहते थे

जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई के अनुसार राजस्व से जुडे़ मामले है गांव के। उनको सुलझाना जरुरी है। इनको कलेक्टर ही सही कर सकती है। इसके अलावा एक नाबालिग का मामला है, जिसमे पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। अब जिला अधिकारी से नहीं मिलेंगे तो किससे मिलेंगे। लेकिन कलेक्टर मिली नहीं और सामने से निकल गई।

यह बोली कलेक्टर

कलेक्टर मिशा सिंह के अनुसार सोमवार को समय-सीमा में होने वाले कार्य की समीक्षा बैठक सहित अन्य कई बैठक लगातार चली। जब उनको पता चला की जिला पंचायत अध्यक्ष आई है तो उनको सम्मान के साथ अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव के पास भेजा गया। उनके जो भी मामले थे, उन पर चर्चा की गई है। जिन मामलों के निराकरण में समस्या आ रही है, उसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास जारी है।

Updated on:
23 Mar 2026 10:49 pm
Published on:
23 Mar 2026 10:49 pm