
रतलाम। दीपावली का छह दिवसीय उत्सव रोशनी, खुशियों और उल्लास के बीच मनाया गया, लेकिन पटाखों की आवाज के साथ शहर और जिले में विवादों का शोर भी गूंजता रहा। कहीं सड़क पर पटाखे फोड़ने की बात पर दुकानदार और राहगीर भिड़ गए, तो कहीं पड़ोसियों के बीच कहासुनी ने मारपीट और पत्थरबाजी का रूप ले लिया। विवादों की चपेट में महिलाएं और बच्चे तक आ गए। दीपावली के दौरान ऐसे करीब एक दर्जन मामले पुलिस थानों तक पहुंचे। इनमें कई लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
निराला नगर निवासी युवक अलकापुरी क्षेत्र में सैलून संचालित करता है। सोमवार रात करीब 8.45 बजे वह बाइक से राठौर रेस्टोरेंट होते हुए अपने घर जा रहा था। नवरत्न नमकीन दुकान के सामने दुकानदार सड़क पर पटाखे फोड़ रहा था। युवक ने रास्ता छोड़कर पटाखे फोड़ने की बात कही तो दुकानदार और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी ने युवक को लात-घूंसों से पीटकर सड़क पर गिरा दिया। आसपास के दुकानदारों ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने दोबारा पटाखे हटाने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। आरोपियों ने यह भी कहा कि कलेक्टर और एसपी उनकी जेब में रहते हैं। मारपीट में युवक के मुंह, आंख और सिर पर चोट आई तथा उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
मोती नगर निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि सोमवार रात उसके भाई भरत उर्फ कालू और पड़ोसी रामा डामर के बीच कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद रामा पटाखे फोड़ रहा था। भरत को देखकर वह फिर विवाद करने लगा। बहन बीच-बचाव के लिए पहुंची तो रामा ने उस पर पत्थर फेंक दिया। इसके बाद रामा के साथी सोनू और संजू भी मौके पर पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दी। महिला की मां ने बीच-बचाव किया। घटना में घायल लोगों को अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।
इसी विवाद में रामा डामर की मां ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उसके अनुसार सोमवार को रामा घर के बाहर सड़क पर पटाखे फोड़ रहा था। तभी भरत चारेल, उसकी मां और साथी आकाश गामड़ व कुंदन भूरिया वहां पहुंचे और पटाखे फोड़ने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर भरत और उसके साथियों ने मारपीट शुरू कर दी। पत्थर फेंककर रामा और उसके साथियों को घायल कर दिया। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। एक ही विवाद में दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की है।
जवाहर नगर में रहने वाले हलवाई ने शिकायत में बताया कि दीपावली पर वह अपने बेटे और बेटी के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान एक पटाखा पड़ोस में जा गिरा। इस बात से नाराज पड़ोस में रहने वाले परिवार के चार लोग उसके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने फरियादी के साथ उसकी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ भी मारपीट की। घटना में परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं।
इंद्रानगर क्षेत्र में भी पटाखे को लेकर विवाद में पूरा परिवार उलझ गया। जोमैटो का काम करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि दीपावली पर उसकी बेटी प्रार्थना घर के सामने पटाखे चला रही थी। इसी दौरान पड़ोसी घोटू के बेटे की ओर से चलाया गया पटाखा उसकी बेटी के ऊपर गिर गया। इस पर प्रार्थना पड़ोसियों को समझाने पहुंची तो घोटू के बेटे और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे खींचकर घर की ओर ले जाने का प्रयास किया। बेटी को बचाने पहुंची मां और उसकी बेटियों कशिश व मानवी के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। महिला के दाहिने पैर के अंगूठे में चोट आई, जबकि प्रार्थना के गर्दन, पेट और पीठ पर चोटें लगीं। पति ने बीच-बचाव किया। घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
वकील कॉलोनी निवासी एडवोकेट ने भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। उसके अनुसार सोमवार रात करीब 1.20 बजे वह माता-पिता और भाई के साथ मिडटाउन स्थित पुराने घर में दीपावली पूजन करने के बाद बाइक से लौट रहा था। गीता मंदिर के पास तनिष व्यास, सागर चौहान, अर्जुन और उनके साथी पटाखे फोड़ रहे थे। फरियादी का आरोप है कि इन लोगों से पहले से पैसों के लेनदेन का विवाद चल रहा है। उसे देखकर आरोपियों ने कालिका माता मंदिर परिसर तक पीछा किया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया है।