
रतलाम। इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में रतलाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ बिना नंबर की बाइक भी जब्त की है। दोनों आरोपी अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े हैं। इनमें एक एसी और फ्रिज सुधारने का काम करता है, जबकि दूसरा स्टील फर्नीचर बनाने का काम करता है। पुलिस जांच में दोनों के खिलाफ रतलाम में पहले से मारपीट, अड़ीबाजी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम 7 नवंबर को गश्त और नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड पर सड़क किनारे बिना नंबर की बाइक खड़ी कर बैठे दो युवक पुलिस को संदिग्ध नजर आए। टीम को देखकर दोनों घबराने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान आमीन मंसूरी और समीर कुरैशी निवासी रतलाम के रूप में बताई। संदेह के आधार पर पुलिस ने उनकी बाइक की तलाशी ली। इस दौरान बाइक में टंगे बैग के अंदर 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। पुलिस ने तत्काल ड्रग्स जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब छह लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही बिना नंबर की बाइक भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आमीन मंसूरी ने बताया कि वह एसी और फ्रिज सुधारने का काम करता है। वहीं, समीर कुरैशी स्टील फर्नीचर बनाने का काम करता है। दोनों के व्यवसाय अलग-अलग होने के बावजूद एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े जाने से पुलिस अब उनके नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों और नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रतलाम में पूर्व से मारपीट, अड़ीबाजी और अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी एमडी ड्रग्स कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई करने वाले थे। साथ ही इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।