रतलाम

स्कूल जाने के लिए हंसी खुशी तैयार हुए बच्चे, फिर मां के साथ दोनों मासूमों के मिले शव

Ratlam Mother News : मीनाखेड़ा गांव में हृदयविदारक घटना, कुएं में मिले मां और बेटे-बेटी के शव, खेत पर काम कर रहे लोगों ने देखा, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 11:59 AM IST
स्कूल जाते बच्चों के मां के साथ शव मिले
स्कूल जाते बच्चों के मां के साथ शव मिले- Demo Pic - Image -AI

Ratlam Mother News : रतलाम जिले के जावरा अनुभाग में सुबह घर में बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी थी। मां ने रोज की तरह दोनों बच्चों को तैयार किया, लेकिन कुछ ही देर बाद ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने पूरे गांव को झकझोर दिया। 25 वर्षीय दयाबाई अपने बेटे अरविंद और बेटी दशु के साथ गांव के कुएं में मिली। इस हृदयविदारक घटना में मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई। जिस घर से कुछ देर पहले बच्चों के स्कूल जाने की तैयारी हो रही थी, वहां देखते ही देखते मातम छा गया।

घटना शनिवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत हुसैन टेकरी चौकी के ग्राम मीनाखेड़ा की है। जानकारी के अनुसार, दयाबाई ने सुबह दोनों बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार किया था। इसके बाद वह उन्हें लेकर कुएं की ओर चली गई। कुछ समय बाद खेत पर काम कर रहे लोगों की नजर कुएं में पानी पर तैर रहे तीन लोगों पर पड़ी। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मां और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद तीनों के शव शासकीय अस्पताल भेजे गए।

परिवार में पसरा मातम, गांव में शोक

एक साथ मां और उसके दोनों बच्चों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। हर कोई इस बात से स्तब्ध था कि सुबह बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी करने वाली मां आखिर कुएं की ओर क्यों गई । तीनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस को नहीं मिला ठोस कारण

हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक परेशानियों की बात सामने आ रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Updated on:
14 Nov 2026, 11:59 AM IST
Published on: