स्थानीय वर्सेस बाहरी का मुद्दा...
रतलाम. मध्यप्रदेश में टिकट वितरण की शुरूआती बढ़त बनाने की कोशिश में जुटी कांग्रेस के लिए मालवा के शहरों में कांग्रेस नेताओं का बगावती तेवर दिखाना चुनौती बनता जा रहा है। रतलाम शहर विधानसभा के बाद रतलाम ग्रामीण विधानसभा में स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को एक पत्रकार वार्ता कर टिकट वितरण में स्थानीय प्रत्याशी को ही चुनने का ऐलान कर दिया। साथ ही चेतावनी दे दी कि कांग्रेस ने किसी बाहरी को प्रत्याशी बना दिया तो फिर स्थानीय नेता मिलकर अपना स्वतंत्र प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतार देंंगे। स्थानीय नेताओ की इस पत्रकार वार्ता के बाद अचानक हलचल तेज हो गई है। जिले के कांग्रेस पर्यवेक्षक धीरूभाई पटेल संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता की जानकारी जुटाने मेंं लगे है।
शनिवार को स्थानीय उम्मीदवार की बात बोलने वाले नेताओं ने मीडिया से चर्चा की। एक निजी होटल में इन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने बेटे को भी चुनाव लड़वाया तो उनका विरोध रहेगा। बाहरी प्रत्याशी थोपा गया तो वे मिलकर अपना एक प्रत्याशी निर्दलीय खड़ा करेंगे। चुनाव में हम को याद किया जाता है। लोकसभा चुनाव में हमने लीड दिलवाई। मीडिया से चर्चा करते हुए जिला पंचायत के पूर्व सदस्य छोटू मईड़ा, किसान कांग्रेस उपाध्यक्ष भेरूलाल गामड़, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष किशन सिंगाड़, मंडी सदस्य सविता भंवर, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य थावर भूरिया के अलावा प्रेमसिंह गामड़ प्रदीप ओहरी, भंवरलाल बिरवाल, योगेश डामर ने मीडिया से बात करते हुए अपना पक्ष रखा है।
पूर्व विधायक के समर्थन के साथ दावेदारों ने खोला मोर्चा- रतलाम ग्रामीण कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि सांसद कांतिलाल भूरिया के बेटे डॉ. विक्रांत भूरिया ने उनको बताया है कि वे स्थानीय प्रत्याशी के मुद्दे का समर्थन करते है। इनके अलावा पूर्व विधायक लक्ष्मीदेवी खराड़ी का भी उनको समर्थन है। नेताओं का कहना था कि अगर स्थानीय प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया तो वे मिलकर अपना प्रत्याशी खड़ा करेंगे। इसे लेकर पहले ही रतलाम ग्रामीण के बिलपांक ब्लॉक, बांगरोद ब्लॉक और मूंदड़ी ब्लॉक के नेता बाहरी का विरोध कर अपना पक्ष पार्टी के सामने रख चुके है। विरोध के बीच ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश भरावा और अन्य पदाधिकारी विरोध कर रहे नेताओं से चर्चा कर उनके आक्रोश को थामने के लिए संपर्क व चर्चा करने मेंं जुट गए है।
बांगरोद ब्लॉक से उठी आवाज
कांग्रेस प्रत्याशी चयन में स्थानीय की मांग के बीच बांगरोद ब्लॉक में अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को चुनौती अब तक बरकरार है। शनिवार को बांगरोद ब्लॉक के कांग्रेस नेता जगदीश गुजराती, बलबहादुरसिंह, रूस्तम पटेल, दिलीप कुमावत, शौकत अली, रेहमत अली, भरतलाल पाटीदार, राकेश व्यास सहित अन्य ने बताया कि ब्लॉक अध्यक्ष के लिए हमने पहले ही जगदीश पाटीदार को नियुक्त करने का प्रस्ताव बनाकर संगठन के पर्यवेक्षक धीरूभाई पटेल और जिलाध्यक्ष राजेश भरावा को भेजा है। अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है। आश्वासन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।