ये ग्रह संसार में भौतिक सुख के साथ समृद्धि देता है। इस राशि परिवर्तन से सुख, धन, प्रेम के साथ विवाह की बाधा दूर होगी।
रतलाम। दैत्य गुरु शुक्र का 29 जून को राशि परिवर्तन हो रहा है। भारतीय ज्योतिष में नौ में से छठे इस ग्रह का नंबर है। ये राशि परिवर्तन 5 राशि वालों को भाग्य खोलने में मदद करेगी। स्वयं की वृषभ राशि से मित्र बुध की मिथुन राशि में ये ग्रह जा रहा है। आकाश में सबसे चमकीले इस ग्रह शुक्र ( venus ) का राशि परिवर्तन ( transit in gemin ) 23 जुलाई तक रहेगा। ये ग्रह संसार में भौतिक सुख के साथ समृद्धि देता है।
इस राशि परिवर्तन से सुख, धन, प्रेम के साथ विवाह की बाधा दूर होगी। हालांकि कुछ राशि वालों की तबीयत पर इसका असर होगा। ये बात रतलाम के प्रसिद्ध ज्योतिषी वीरेंद्र रावल ने कही। वे भक्तों को इंद्रा नगर में शुक्र के राशि परिवर्तन से होने वाले असर के बारे में बता रहे थे।
मेष राशि
शुक्र का राशि परिवर्तन आपको अपने क्षेत्र में सामाजिक स्तर पर उभारने का प्रयास करेगा। आपको कार्यक्षेत्र में तरक्की मिलेगी। इसके साथ लंबे समय से रुकी हुई प्रमोशन की संभावनाएं बनेगी। शुरुआती संघर्ष के साथ बाधाएं रहेगी। लेकिन एक समय के बाद मेष राशि वाले खुद को अच्छी आर्थिक स्थिति में पाएंगे। आप अपने साथी की हर इच्छा पूरी करेंगे।
वृषभ राशि
शुक्र वृषभ राशि के दूसरे भाव में आएगा। इस दौरान परिवार में कोई मांगलिक कार्य के योग बनेंगे। आपकी लव लाइफ के लिए यह बदलाव अच्छा साबित होने वाला है। मित्र व करीबी दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताने के योग हैं। भौतिक सुविधाओं में अचानक इजाफा होगा। ग्रह के इस परिवर्तन से आपकी वाणी में मधुरता आएगी। कोई जरूरी काम ना हो तो यात्रा को टाल देना बेहतर रहेगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि में शुक्र आपकी राशि में पहले भाव यानी लग्न भाव में ही गोचर कर रहा है। इस गोचर के दौरान आपको नई चीजें सीखने का मौका मिलेगा। किसी करीबी की सलाह आपको बड़ा लाभ देगी। इस दौरान आपके प्रेम संबंध में नयापन आएगा और आप दोनों के बीच रोमांस बढेग़ा। इससे आपको मानसिक शांति भी मिलेगी और आपको खुशी की अनुभूति होगी।
कर्क राशि
कर्क राशि में 12वें भाव में शुक्र परिवर्तन कर रहा है। सुख सुविधाओं का आनंद लेने के लिए ये राशि परिवर्तन आपके लिए खासा अहम रहेगा। बाजार के कारोबारियों के साथ शादीशुदा के लिए यह परिवर्तन काफी बेहतर रहेगा। इस समय में आपको मानसिक शांति की अनुभूति होगी। जमीन-जायदाद के मामले में रुके काम होंगे।
सिंह राशि
सिंह राशि में 11वें भाव में परिवर्तन कर रहा है। इस गोचर के दौरान आप सफलता की नई उड़ान भरेंगे। जीवन के हर क्षेत्र में अपने प्रयासों में तेजी से सफल होंगे। इस समय आप सामाजिक रूप से काफी बेहतर रहेंगे। अपने परिवार के साथ बाहर घूमने जा सकते हैं। धर्म और आध्यात्मिक विषयों में आपकी रुचि रहेगी। स्वास्थ्य की विशेष देखभाल के साथ खर्च पर नियंत्रण रखें तो लाभ रहेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि के 10वें भाव में शुक्र आ रहा है। इस दौरान आप नौकरी में बदलाव के बारे में विचार करेंगे। इससे आपकी आर्थिक स्थिति में बदलाव होगा। आप किसी लंबी यात्रा पर जाने का सोचेंगे। आपको भाग्य का पूरा सहयोग मिलेगा और साथ ही परिस्थितियां आपके अनुकूल रहेंगी। कारोबारी वर्ग को बड़ा फायदा हो सकता है। अगर आप सरकारी कर्मचारी हैं तो आपका ट्रांसफर पसंद की जगह हो सकता है।
तुला राशि
तुला राशि के नौवें भाव में शुक्र आएगा। इस परिवर्तन के दौरान तुला राशि वालों को मिलाजुला परिणाम मिलेगा। जहां आपको एक तरफ विशेष लाभ मिलेगा, वहीं पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। ये अवधि आपके लिए कार्यक्षेत्र में प्रमोशन या तरक्की ला सकती है। इस दौरान आप लंबी यात्रा पर जा सकते हैं, जो आपके लिए लाभदायक साबित होगा। इत्र का प्रयोग सावधानी से करें।
वृश्चिक राशि
शुक्र वृश्चिक राशि के आठवें भाव में आएगा। इस दौरान इस राशि वालों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना पड़ेगा। इसके साथ ही आपको कार्यक्षेत्र में कुछ बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। क्रोध व वाणी पर संयम रखें, अन्यथा हानि हो सकती है। नकारात्मक विचारों से दूर रहें। वाद-विवाद से बचकर रखें। जीवनसाथी के साथ भावनात्मक लगाव बढ़ेगा। पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी।
धनु राशि
शुक्र धनु राशि के सातवें भाव में परिवर्तन कर रहा है। इस दौरान आपको वैवाहिक जीवन में खुशी की अनुभूति होगी। इसके साथ ही आपके आपके जीवन में सुधार आएगा। व्यापार से जुडे़ लोगों के लिए यह समय काफी शुभ है। इस दौरान व्यापार में तेजी से वृद्धि होगी और अच्छा लाभ भी कमा पाएंगे। आपका दांपत्य जीवन बेहद सुखद रहेगा और जीवनसाथी के साथ मिलकर आप भविष्य की बेहतर योजनाएं बनाएंगे।
मकर राशि
शुक्र मकर राशि के छठवें भाव में आ रहा है। इस दौरान शेयर मार्किट में किया जाने वाला निवेश भी काफी फलदायी सिद्ध होगा। आपके कार्यक्षेत्र में भी अनुकूल माहौल रहेगा। इस राशि के जातकों को इस दौरान प्रमोशन मिल सकता है। अनावश्यक खर्च में कमी आएगी और बचत कर पाएंगे। विवाह के योग बनेंगे।
कुंभ राशि
शुक्र आपकी राशि के पांचवे भाव में गोचर कर रहा है। इस दौरान आपके प्रेम संबंध में प्रगाढ़ता आएगी। आर्थिक स्तर पर देखें तो इस अवधि के दौरान आपकी आय में वृद्धि हो सकती है। आप अपने पार्टनर के साथ अच्छा वक्त गुजार पाएंगे। यदि आप प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो इस दौरान आपको अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
मीन राशि
शुक्र मीन राशि के चौथे भाव में गोचर कर रहा है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में अचानक तरक्की सेआपको कुछ खुशी का अनुभव हो सकता है। ऐसा होने से आपकी कमाई के साधनों में वृद्धि होगी। विवाहित लोगों के जीवन में खुशियां रहेंगी। कोई फायदे की बड़ी डील हो सकती है। माता-पिता को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत हो सकती है, परंतु करीबी मित्रों के साथ-साथ भाई बहन प्रसन्न रहेंगे।