
रतलाम. पुलिस की जांच के दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस ने सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के यहां छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये बदमाश रतलाम में किसी गैंगवार की वारदात को अंजाम देने के लिए हथियारों के साथ दो पहिया दो वाहनों से रतलाम आ रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं। शुक्रवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से इन्हें 22 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी अमित कुमार ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों को पिस्टल उपलब्ध करवाने वाले और गैंगवार के लिए लाने वाले की तलाश की जा रही है।
18 जून की रात्रि थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पलसोड़ा की ओर से एक मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटी पर सवार छह युवक तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे आरोपी रोहित उर्फ कृष्णा माली की कमर से मैगजीन के साथ एक पिस्टल व चार जिंदा कारतूस, स्कूटी चला रहे आरोपी जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू की कमर से मैगजीन सहित एक पिस्टल एवं 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पिछले दिनों स्टेशन रोड क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद गुरुवार को भी दोनों पक्षों में कहासुनी जीआरपी थाना क्षेत्र में हुई थी। इसके बाद विकास नामक व्यक्ति के पक्ष के लोगों ने गिरफ्तार आरोपियों के किसी साथी को ढूंढा तो नहीं मिला। इस पर यह पक्ष सामने वाले को निपटाने के लिए आ रहा था और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गैंगवार के लिए इन्हें बुलाने और पिस्टल उपलब्ध करवाने वालों की तलाश कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों का एक साथी फरार है।
- रोहित उर्फ कृष्णा पिता नरेंद्र माली (19), निवासी मंडले कॉलोनी, राऊ जिला इंदौर, हाल मुकाम विनोबा नगर
- वरुण उर्फ बंटी पिता नंदकिशोर भार्गव (23), निवासी ग्राम बाजनखेड़ा
- अबरार हुसैन पिता जाकिर हुसैन (26), निवासी पीएनटी कॉलोनी, गली नं. 2
- जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू पिता राजेन्द्र सिंह सोलंकी (34), निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी
- दीपेश उर्फ छोटा गोलू पिता अशोक पाल (22), निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी
- दीपांशु पिता गोपाल डाबी मालवीय (20), निवासी ग्राम भामल, थाना थांदला
- 2 पिस्टल (मैगजीन सहित)
- 6 जिंदा कारतूस (7.65 बोर के)
- 1 बाइक व एक स्कूटी
- अनुमानित कीमत - 1,80,000 रुपए