
रतलाम. निकाय कर्मचारियों के लिए 13 प्रमुख मांगों पर निर्णय कराने के लिए अनशन पर बैठे निगम कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष ने गुरुवार को महापौर की मौजूदगी में आयुक्त और एमआइसी सदस्यों के साथ चर्चा की। दिनभर अनशन जारी रखने के बाद शाम को चर्चा के दौरान सभी मांगों पर निराकरण एवं हल करने की कार्ययोजना पर बात की गई। महापौर के आश्वासन पर अध्यक्ष ने आमरण अनशन स्थगित करने का ऐलान किया। चर्चा में जिन मांगों पर सहमति जताई गई है, उनमें से कई प्रदेश के लिए मिसाल बनेगी।
नगर निगम कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष दिनेश सोलंकी ने सोमवार से आमरण अनशन शुरू किया था। यूनियन अध्यक्ष से चर्चा के लिए गुरूवार को दोपहर में महापौर डॉ. सुनीता यार्दे एवं आयुक्त एसके सिंह ने संपर्क किया और शाम को बैठक तय की गई। महापौर परिषद सदस्यों सूरजसिंह जाट, प्रेम उपाध्याय, भगतसिंह भदौरिया की मौजूदगी मेें सोलंकी ने मांग पत्र में बिन्दुवार दर्शाई गई मांगों पर निराकरण की बात कही। करीब 30 मिनट की आपसी चर्चा के बाद बिन्दुवार सभी मांगों पर निराकरण का आश्वासन महापौर ने दिया। इसके बाद सोलंकी ने प्रतिनिधियों से चर्चा कर अनशन समाप्त किया।
15 दिवस में सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय
महापौर और आयुक्त के साथ चर्चा में नगर निगम कर्मचारी यूनियन की ओर से रखी गई सभी प्रमुख मांगों पर अगले 15 दिन में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। विनियमितिकरण के लिए एमआइसी में प्रस्ताव भेजा जाएगा। अनुकंपा नियुक्ति पर कलेक्टर के माध्यम से अनुमति पर चर्चा की जाएगी। क्रमोन्नति एवं एरियर भुगतान एवं सातवें वेतनमान के भुगतान पर सितम्बर माह से अमल किया जाएगा। विनियमित किए गए 13 कर्मचारियों को एरियर भुगतान पर शासन से मार्गदर्शन मांगा जाएगा। कार्यालयीन समय निश्चित करने पर भी सहमति बनी है। भत्ता का प्रस्ताव एमआइसी में पारित होगा तथा यूनियन के कार्यालय के लिए भी स्थल का चयन किया जाएगा।
मांगों पर निर्णय लेंगे
नगर निगम कर्मचारी यूनियन की मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जाएगा। यूनियन के प्रतिनिधि मंडल के साथ सभी मांगों पर चर्चा कर हल निकाला गया है। कुछ प्रस्ताव एमआइसी से स्वीकृत होंगे व कुछ पर शासन से मार्गदर्शन मांगा हैै।
- डॉ. सुनीता यार्दे, महापौर रतलाम
यूनियन की मांगे मानी
नगर निगम कर्मचारी यूनियन की सभी मांगों पर निर्णय लिया गया है। शाम को महापौर और आयुक्त सहित एमआइसी सदस्यों के साथ यूनियन अध्यक्ष ने चर्चा की है। मांगे मान लिए जाने के बाद अध्यक्ष का अनशन समाप्त हो गया है।
- राजेन्द्र राठौर, प्रतिनिधि निगम कर्मचारी यूनियन