
रतलाम। जिन बच्चों को कभी स्कूल में कम्प्यूटर सिखाया नहीं उन बच्चों की शासन ऑन लाइन परीक्षा ले रहा है। ये मामला है विशिष्ट विद्यालय में प्रवेश की परीक्षा का, जो होना तो 27 व 28 फरवरी को है, लेकिन बच्चों को सूचना दिए बगैर कई बच्चों की परीक्षा तय तारीख से एक दिन पूर्व आयोजित कर दी गई। बच्चों को जानकारी मिलने पर वह जब केंद्र पर पहुंचे, तो उन्हें इसमें शामिल भी नहीं होने दिया। इस बात की शिकायत बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने आदिवासी छात्र संगठन के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा से की।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष ध्यानवीर डामोर ने बताया कि २६ फरवरी को जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत विशिष्ट विद्यालयों में कक्षा छटी में प्रवेश के लिए ऑन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में शामिल होने के लिए बच्चें समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन उन्हें इसमें शामिल नहीं होने दिया गया। ऑन लाइन परीक्षा का आवेदन भरने के दौरान परीक्षा 27 व 28 को होना दर्शाया गया था, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा एक दिन पहले आयोजित कर दी गई, जो कि गलत है। प्रवेश पत्र भी शासन ने २५ को ही अपलोड किए है। इस अव्यवस्था के कारण कई बच्चे परीक्षा से वंचित रहे गए है।
नहीं होती कम्प्यूटर की पढ़ाई
बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि शासकीय विद्यालयों में कम्प्यूटर संबंधी कोर्स नहीं पढ़ाया जाता है। स्कूलों में इसकी सुविधा भी नहीं है, फिर भी परीक्षा ऑन लाइन की जाना गलत है। एेसे में उक्त प्रवेश प्रक्रिया को निरस्त किया जाना चाहिए या फिर जो बच्चें इसे देने से छूट गए है, उनके लिए अगले किसी दिन परीक्षा आयोजित की जाए। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन और ज्ञापन के दौरान जिलाध्यक्ष राजाराम मईड़ा सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनके द्वारा कलेक्टर के नाम तहसीलदार अजय हिंगे को ज्ञापन दिया गया।
इनका कहना है
शासन स्तर से की चर्चा
- बच्चों की परीक्षा तकनीकी कारणों से एक दिन पहले आयोजित की गई थी, जिसकी सूचना उन्हें समय रहते कैसे नहींदी गई इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल शासन स्तर पर बात कर आगामी दिन में छूटे गए बच्चों की परीक्षा आयोजित कराए जाने की चर्चा की है।
सोमेश मिश्रा, प्रभारी कलेक्टर