
फोटो-आरटी-2406
सनावदा. सेजावता के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के भोपाल स्थित निवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रदेश में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में हजारों अनुकंपा नियुक्ति के मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को इन लंबित प्रकरणों की गंभीरता से अवगत कराया और उनसे इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे तथा संबंधी विभागों को नियमानुसार आवश्यक आदेश जारी कर लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने के निर्देश देंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल सूर्यवंशी, सेजावता के पूर्व सरपंच हीरालाल परमार, ओमप्रकाश मालवीय और गोविंद चौहान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपमुख्यमंत्री के आश्वासन से लंबित मामलों का समाधान होगा।