तेज धूप से गर्मी का हुआ एहसास
मंदसौर. शहर सहित जिले में फरवरी माह की शुरुआत के साथ तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया। बढ़ते तापमान के साथ अब गर्मी का एहसास होने लगा है। हालंाकि हर बार फरवरी माह का यही ट्रेंड रहता भी है। मौसम के जानकारों की माने तो आज से नया सिस्टम एक्टिव भी हो रहा है। इससे फिर तापमान में गिरावट आएगी। वहीं रबी सीजन की फसल वर्तमान में खेतों पर खड़ी है जो अब पकने की स्थिति में आ गई है।
तापमान की बढ़ोतरी व गर्मी को अब फसल पकने का संकेत भी किसानों द्वारा कहा जा रहा है। लेकिन फिलहाल इस बदलते हुए मौसम के बीच बारिश की संभावना नहीं है। इसी के चलते किसान राहत महसूस कर रहे है। वर्तमान में मौसम फसलों के अनुकूल बना हुआ है और किसानों को भी फसलों की अच्छी स्थिति को देख इस बार बंपर उत्पादन की उम्मीद है और तापमान बढऩे के साथ आम लोगों को भी ठंड से राहत मिली है।
आज से एक्टिव हो रहा नया सिस्टम
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से बादल छाए हुए है तो हवाओ का रुख भी बदला हुआ है इससे तापमान में हल्का उछाल है। दिन का तापमान सामान्य रुप से अधिक है। यह फरवरी माह का ट्रेंड भी है जब तापमान में उतार चढ़ाव होता है। वर्तमान में जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास बना हुआ है। 5 फरवरी के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। मौसम जानकारो के अनुसार वर्तमान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है वही 3 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके असर से बादल छाए रहेंगे। हालांकि बारिश की संभावना नहीं बन रही लेकिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। सिस्टम के गुजरने के बाद तापमान ही हल्की गिरावट आएगी।