
रतलाम. सेवनिवृत्त स्वास्थ्य कर्मचारी और कर्मचारी नेता महिपालसिंह पिता लक्ष्मणसिंह राठौर (76) निवासी नरीमन पाइंट को 80 फीट रोड स्थित एटीएम से राशि निकलना महंगा पड़ गया। दो बदमाशों ने एटीएम बंद नहीं होने का झांसा दिया और उनसे दोबारा कार्ड लगवाकर पिन डलवाया। इसी दौरान बातों में उलझाकर कार्ड बदला और बाद में 78500 रुपए दूसरे एटीएम से निकालकर चूना लगा दिया।
पीडि़त राठौर ने बताया कि सुबह करीब सवा आठ बजे वे घर से निकले और साढ़े आठ बजे 80 फीट रोड स्थित एसबीआई के एटीएम से नौ हजार रुपए निकाल। वे कार्ड लेकर बाहर आए तो एक अनजान युवक खड़ा था। उसने कहा कि आपका एटीएम बंद नहीं हुआ है, फिर से कार्ड डालकर बंद करे। राठौर वापस एटीएम में गए तो युवक भी पीछे-पीछे आ गया। राठौर ने कार्ड डालकर पिन डाला। इसी दौरान युवक ने उन्हें बातों में उलझाया और कार्ड बदल दिया। तभी दूसरा युवक भी आया और ऐसी ही बात करके पहले वाले का सपोर्ट किया। जब राठौर घर पहुंचे तो उनके मोबाइल पर कोई मैसेज नहीं आया तो उन्होंने बेटे दीपेंद्रसिंह से कहा कि मैसेज नहीं आया तो पता करो। जब उन्होंने बैलेंस चेक किया तो पांच बार में करके 78500 रुपए निकल चुके थे।
पिता-पुत्र सीधे थाने पहुंचे
पिता-पुत्र दोनों ही आईए थाने पहुंचे। यहां से उन्हें सीसीटीवी कंट्रोल रूम भेजा कि वे फुटेज में आए लोगों की पहचान करे। दोपहर में वापस थाने भेजा। इसके बाद उनकी तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की।
मुख्य ब्रांच के एटीएम से निकली राशि
बैंक में डिटेल जानने पर पता चला कि पांचों बार का ट्रांजेक्शन सेंट जोसफ कान्वेंट के सामने की मुख्य ब्रांच से हुआ। 24 हजार और 24500 एटीएम से ही ट्रांसफर हुए जबकि तीन बार में 10-10 हजार रुपए नकद निकाले।
डेढ़ साल की मासूम को बाइक ने टक्कर मारी
बिलपांक थाने के गांव कुंडाल में घर के बाहर खेल रही कुंडाल निवासी सचिन वसुनिया की डेढ़ साल की पुत्री दिव्यांशी को गुरुवार सुबह 11 उधर से गुजर रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल स्थिति में पड़ोसी उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां करीब घंटेभर इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
मासूम के पिता सचिन ने बताया कि दिव्यांशी उर्फ निक्कू गुरुवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। पड़ोसी के बच्चों ने दौडक़र आकर बताया कि निक्कू किसी बाइक वाले ने टक्कर मार दी। पत्नी नंदिनी बाहर पहुंची तब तक बाइक सवार मौके से भाग निकला। घायल बच्ची को पड़ोसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम का पीएम शुक्रवार सुबह होगा।
घर की तरफ देखने पर विवाद, मारपीट
बजरंगनगर में एक घर के सामने से गुजर रहे युवक ने घर की तरफ देखा तो विवाद हो गया। बाद में मारपीट हो गई। महिला ने पति-पत्नी पर मारपीट का केस दर्ज कराया है। पीडि़ता रजिया डामोर ने पुलिस को बताया कि 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे अपने भांजे बाबू और उसकी बहन मीनाक्षी के साथ दुकान से सामान लेकर घर आ रही थी। रास्ते में अविनाश पारदी के घर के सामने से गुजरते समय बाबू ने उधर देखा तो अविनाश ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसे मना किया तो पति-पत्नी मारपीट करने लगे।