रतलाम

पीट-पीटकर दो की हत्या, एक रावटी में दूसरी पिपलौदा में

रावटी क्षेत्र में मारपीट के बाद घायल युवक का दिन में इलाज कराया और छुट्टी करवाकर घर ले गए, रात में मौत हो गई। दूसरा मामला पिपलौदा में प्रेम प्रसंग में महिला की पीटकर हत्या करने का सामने आया।
2 min read
• •
Oct 18, 2026
ratlam news

रतलाम. जिले के दो थाना क्षेत्र रावटी और पिपलौदा में 24 घंंटे के भीतर दो हत्याओं से सनसनी फैल गई। एक मामला प्रेम प्रसंग का रहा जिसमें प्रेमी ने अपने परिजनों के साथ महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी जबकि दूसरे मामले में रावटी थाना क्षेत्र के आकडिय़ा में दो दिन पहले हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने हत्या के केस पंजीबद्ध कर लिए हैं। दोनों मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि तीन अन्य फरार चल रहे हैं।

दो दिन पहले मारपीट में घायल हुआ था युवक

रावटी थाने के ग्राम आकडिय़ा में निवासी भूरा पिता भीमजीगामड़ (35) के साथ 15 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मारपीट की घटना हुई थी। गांव के भूमजी पिता बावरिया गामड़ के यहां मृत्युभोज का कार्यक्रम था। इसमें परिवार शामिल होने गया था। यहीं पर विवाद हुआ और भीमजी की छोटी बहन सपना का पति गलिया निवासी सिंगत भी आया था। वह सपना के साथ मारपीट कर रहा था। भीमजी ने गलिया को रोका तो उनके साथ मारपीट करने लगा। यह देख भूरा पहुंचा तो गलिया ने उसके प्राइवेट पार्ट पर लात मार दी। इससे वह मुर्छित होकर गिर गया। इसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को उपचार के लिए रावटी के अस्पताल ले गए जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।

घर ले गए थे और मर गया

रावटी थाना प्रभारी मनीष डावर ने बताया भूरा की हालत में थोड़ा सुधार होने पर परिजन उसे अस्पताल से घर ले गए किंतु रात में उसकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह परिजन बिना पीएम कराए अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे कि पुलिस को सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची। परिजनों को समझाकर शव को मेडिकल कॉलेज में पीएम के लिए लाया गया। पुलिस ने गलिया पिता नागू कटारा निवासी सिंगत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी गलिया को देवला के जंगल से शनिवार को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया।

--

प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या, प्रकरण दर्ज

हत्या की दूसरी घटना शुक्रवार की शाम पिपलौदा में सामने आई। इसमें प्रेमी ने अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर मोहनबाई निवासी सैलाना नामक महिला की हत्या कर दी। एसडीओपी संदीप कुमार मालवीय के अनुसार बीती रात मोहनबाई अपने प्रेमी भरत पिता बेरुलाल जाट (60) के कहने पर उससे मिलने के लिए सैलाना मार्ग स्थित दिलीप सोनी के खेत पर गई थी। यहां पर भरतलाल के साथ ही उसका भतीजा राहुल जाट, उसकी पत्नी सीमा जाट और बलराम जाट मौजूद थे। खेत पर ही किसी बात को लेकर सोहनबाई और भरतलाल जाट के बीच कहासुनी हुई और फिर इन चारों ने मिलकर उसे जमकर पिटा। इसके बाद राहुल जाट ने डायल 112 को फोन कॉल करके सूचना दी कि महिला यहां उसके काका को परेशान कर रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला सोहनबाई घायल अवस्था में मिली।

पिपलौदा से मेडिकल कॉलेज रैफर

पिपलौदा थाना प्रभारी रंजित सिंगार ने बताया महिला को रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलोदा पहुंचाया। महिला का पिपलौदा में प्राथमिक उपचार किया गया। हालत में सुधार नहीं होने से उसे रतलाम मेडिकल रैफर किया। शनिवार की सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने भरतलाल जाट, बलराम पिता शांतिलाल जाट, राहुल जाट, सीमाबाई पति राहुल जाट के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। भरत जाट को राउंड कर लिया जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। मृतका के पुत्र ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पहचान कर ली है।

Updated on:
18 Oct 2026 11:18 am
Published on:
18 Oct 2026 11:17 am