
रतलाम। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टॉफ एसोसिएशन द्वारा सोमवार सुबह ११ बजे रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इनकी तीन सूत्री मांगे हैं, इसको लेकर ये प्रदर्शन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोको पायलट, सहायक पायलट सहित रनिंग शाखा के कर्मचारी उपस्थित थे।
संगठन अध्यक्ष प्रकाश परमार ने बताया तीन मांग में रनिंग भत्ता १९८० के फार्मूले के आधार पर तैयार हो, सहायक चालक के लिए टूल बॉक्स के बारे में रेलवे बोर्ड ने जो आदेश दिया है, वह तुरंत वापस लिया जाए व चालक को छोटी-छोटी गलती पर रेलवे से बाहर करना बंद किया जाए। इन मांग को लेकर प्रदर्शन सुबह ११ बजे से प्लेटफॉर्म नंबर ४ स्थित लॉबी के बाहर किया। इस दौरान कर्मचारी नेताआें ने अपनी मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की व मंच से अपनी बात कही।
मनमर्जी से किया भत्ता कम
नेताओं ने कहा की जब भी कोई घटना होती है, सबसे पहले रनिंग विभाग के कर्मचारी को नौकरी से बाहर कर दिया जाता है, जबकि रनिंग विभाग के कर्मचारी ही रेलवे को सबसे अधिक सुरक्षित चला रहे है। इसके अलावा मंडल में बोर्ड के नियम से परे जाकर रनिंग भत्ते को किमी में कम कर दिया गया है, जबकि बोर्ड का नियम अलग है व मंडल में अलग नियम चलाया जा रहा है। इसमे नियम अनुसार बदलाव करना चाहिए।
मंडल में अनेक स्थान पर प्रदर्शन
रनिंग विभाग के कर्मचारियों ने रतलाम लॉबी के अलावा मंडल में उज्जैन, इंदौर, महू, दाहोद, चित्तौडग़ढ़ आदि स्थान पर भी लॉबी के बाहर हंगामेदार नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। इसमे कर्मचारियों ने स्पष्ट रुप से कहा की चाहे जो हो, लेकिन भत्ते के मामले में बदलाव किया जाना बेहद जरूरी है।
बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित
इसके अलावा पहले टूल बॉक्स को इंजन में रखने के लिए कर्मचारी थे, लेकिन नए नियम में इस कार्य को सहायक चालक को अधिकृत कर दिया गया। जबकि सहायक चालक इस कार्य के लिए नहीं होता है। एेसे में ये जरूरी है कि रेलवे बोर्ड व मंडल के अधिकारी रनिंग विभाग के कर्मचारियों की समस्या को समझे व उसका तुरंत निराकरण करे। इस दौरान बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित थे।