
AI Image
रतलाम. दीपावली पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान एवं उपहार आदि की ऑनलाइन खरीदारी करते हैं। त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी की बढ़ती गतिविधियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी आकर्षक ऑफर, फर्जी वेबसाइट, नकली विज्ञापन एवं अन्य तरीकों से लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना सकते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा दीपावली पर्व तक च्साइबर हाइजीन सप्ताहज् मनाया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन को साइबर सुरक्षित दीपावली मनाने, ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ऑनलाइन खरीदारी करते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
1. विश्वसनीय वेबसाइट एवं ऐप से ही खरीदारी करें
- ऑनलाइन खरीदारी के लिए प्रतिष्ठित एवं आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का ही उपयोग करें।
- सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक विज्ञापनों और अनजान लिंक पर तुरंत भरोसा न करें।
- वेबसाइट के नाम और यूआरएल को ध्यानपूर्वक जांचें। मिलते-जुलते नाम वाली फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें।
2. असामान्य रूप से सस्ते ऑफर से रहें सतर्क
- बाजार मूल्य से बहुत कम कीमत पर सामान देने वाले ऑफर की अच्छी तरह जांच करें।
- सीमित समय, अभी भुगतान करें या विशेष दीपावली ऑफर जैसे संदेशों के दबाव में जल्दबाजी न करें।
- अनजान विक्रेता को एडवांस भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें।
3. ओटीपी पिन और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें
- बैंक खाते, एटीएम कार्ड, यूपीआई पिन , पासवर्ड एवं ओटीपी की जानकारी किसी को न बताएं।
- बैंक या ई-कॉमर्स कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन करने वाले व्यक्ति को भी ओटीपी या पिन साझा न करें।
- भुगतान प्राप्त करने के लिए यूपीआइ पिन डालने की आवश्यकता नहीं होती। पैसे प्राप्त करने के नाम पर भेजे गए पेमेंट रिक्वेस्ट को बिना जांचे स्वीकार न करें।
4. क्यूआर कोड और पेमेंट लिंक से सावधान रहें
- अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन कर भुगतान न करें।
- भुगतान करने से पहले स्क्रीन पर प्रदर्शित प्राप्तकर्ता का नाम एवं राशि जांच लें।
- संदिग्ध पेमेंट लिंक पर क्लिक न करें।
5. फर्जी कस्टमर केयर से रहें सावधान
- किसी भी ई-कॉमर्स कंपनी का कस्टमर केयर नंबर उसकी आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें।
- सर्च इंजन या सोशल मीडिया पर मिले अनजान नंबरों पर भरोसा न करें।
- समस्या के समाधान के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को मोबाइल का रिमोट एक्सेस न दें और कोई ऐप इंस्टॉल न करें।
6. ऑनलाइन भुगतान के बाद रखें सतर्कता
- भुगतान के बाद बैंक खाते एवं यूपीआइ ट्रांजेक्शन का स्टेटस जांचें।
- अनजान ट्रांजेक्शन या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल बैंक को सूचित करें।
- अपने मोबाइल में ऑपरेटिंग सिस्टम एवं ऐप्स को नियमित रूप से अपडेट रखें।
ठगी होने पर तत्काल करें ये कार्रवाई
यदि आप ऑनलाइन खरीदारी या किसी अन्य माध्यम से साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो—
- तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
- साइबर अपराध की शिकायत आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज करें।
- संबंधित बैंक को तत्काल सूचित कर खाते, कार्ड और यूपीआइ के माध्यम से आगे होने वाले अनधिकृत लेनदेन को रोकने का प्रयास करें।
- भुगतान का स्क्रीनशाट, ट्रांजेक्शन आईडी, मोबाइल नंबर, चैट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें।
रतलाम पुलिस की अपील
दीपावली खुशियों, उत्साह एवं आपसी प्रेम का पर्व है। साइबर अपराधियों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सावधानी बरतें, किसी भी आकर्षक ऑफर पर आंख बंद करके भरोसा न करें तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखें।
Updated on:
4 Nov 2026, 9:21 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 9:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.