मुझे लगता है मैं अपनी जिंदगी के बेस्ट फेज में हूं और पहले से अधिक शांत हो गया हूं
अभिनेता सैफ अली खान इन दिनों अपने बेटे तैमूर के साथ समय बिता रहे हैं। तैमूर के आने से उनके जीवन में कई बड़े बदलाव आए हैं। इन बदलावों के बारे में हाल ही उन्होंने खुल कर चर्चा की। सैफ ने बताया कि हर व्यक्ति के जीवन में परिवार महत्वपूर्ण होता है। भले ही वो व्यक्ति कोई सेलिब्रिटी हो या साधारण। परिवार में बच्चों का भी खास योगदान होता है। जब किसी व्यक्ति की लाइफ में बच्चा आता है, तो वे बहुत कुछ अपने साथ लेकर आता है। वे साधारण व्यक्ति को एक जिम्मेदार इंसान बना देता है। तैमूर के आने से मेरे जीवन में भी कुछ ऐसा ही हुआ है। मुझे लगता है मैं अपनी जिंदगी के बेस्ट फेज में हूं और पहले से अधिक शांत हो गया हूं। शांति से सारे निर्णय लेता हूं। उसके साथ मैं अपना जीवन फिर से जीने लगा हूं। मुझे देखकर अब वो मेरी नकल करने लगा है। उसकी इस तरह की छोटी-छोटी शैतानियां देख कर बहुत खुशी होती है। मेरी कोशिश रहती है कि व्यस्तता के बावजूद उसके साथ ज्यादा से ज्यादा समय व्यतीत कर सकूं।
सैफ ने आगे बताया - अब तो उसे कंपनी भी मिल गई है। सोहा ने दो दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया है। अब दोनों साथ-साथ खेल सकते हैं। ये बच्चे ही होते हैं, जो एक परिवार को पूर्ण बनाते हैं, एक इंसान को जिम्मेदारियों का अहसास कराते हैं। जिंदगी को सेलिब्रेट करने का हौसला देते हैं। जब से करीना मेरे जीवन में आई हैं लाइफ के प्रति मेरा नजरिया बदला है। अब मैं चीजों को अलग दृष्टिकोण से देखने में सक्षम हुआ हंू। क्रिएटिव कामों में मजा आने लगा है। हां, मुझे अपने बारे में यह पता है कि मैं थोड़ा आलसी हूं लेकिन इसके बावजूद मैं हमेशा काम करते रहना चाहता हूं। मैं जिंदगी में नई चीजें करते रहना चाहता हूं। (इंटरव्यूज पर आधारित)