
Dev Uthni Ekadashi : चार महीने के इंतजार के बाद अब एक बार फिर घर-आंगन में मांगलिक उत्सवों की रौनक लौटने जा रही है। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। घरों में सुबह से ही देव जागरण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शाम को आंगन में तुलसी मैया को शृंगार किया जाएगा, गन्ने के मंडप के साथ बेर, भाजी, आंवला सहित पारंपरिक सामग्री अर्पित कर भगवान से जागने की मनुहार की जाएगी। 'उठो देव सांवले' के जयघोष, भजन-कीर्तन और शंखनाद के बीच तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाएगा। आज शुक्रवार है यानि धन, वैभव और सुख-समृद्धि के कारक शुक्र देव और माता लक्ष्मी का भी दिन है। इससे बना धन दायक योग अज्ञात स्रोतों से भी संपत्ति दिला सकता है। आज शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी पूजा का अच्छा परिणाम प्राप्त होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार महीने के लिए क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम रहता है। पंडित सोमेश परसाई बताते हैं कि कार्तिक शुक्ल एकादशी पर देवउठनी के साथ भगवान विष्णु के जागने की परंपरा है, इसके साथ ही चातुर्मास का समापन हो गया है।
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह की तैयारियां की गई हैं। शाम को गन्ने से मंडप बनाकर तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। वहीं भगवान शालिग्राम को वर स्वरूप में विराजित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में निभाई जाएंगी। महिलाएं विवाह गीत गाएंगी और परिवार के सदस्य इस मांगलिक आयोजन में शामिल होंगे। विवाह संपन्न होने के बाद प्रसाद वितरण होगा।
शुक्रवार का संबंध शुक्र देव और लक्ष्मीजी से है। देवउठनी एकादशी का शुक्रवार से बने संयोग में विष्णुजी के साथ मां लक्ष्मी की पूजा बहुत शुभ फलदायी होगी। पंडित नरेंद्र नागर बताते हैं कि आज देशी घी का दीपक जलाकर मां लक्ष्मी की पूजा करें। दूध में थोड़ा केसर डालकर दक्षिणावर्ती शंख से विष्णुजी और लक्ष्मीजी का अभिषेक करना चाहिए। श्रीयंत्र की पूजा कर श्रीसूक्त का पाठ करना बहुत शुभफल दे सकता है।
चौघडिय़ा मुहूर्त
सुबह 8:07 से 10:46 लाभ और अमृत
दोपहर 12:06 से 1:26 शुभ रात्रि 8:46 से 10:26 लाभ श्रेष्ठ लग्न मुहूर्त
शाम 5:14 से 7:10 तक गोधूली बेला और वृषभ लग्न