रीवा

रीवा से दिल्ली कुछ देर में शुरु हो रही 72 सीटर हवाई सेवा, सीएम मोहन रवाना करेंगे पहली फ्लाइट

72 Seater Air Service : रीवा एयरपोर्ट से कुछ देर में दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरु होने वाली है। सीएम डॉ. मोहन यादव इस 72 सीटर हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे।
2 min read
Nov 10, 2025
72 Seater Air Service
रीवा से दिल्ली के लिए शुरु हो रही 72 सीटर हवाई सेवा (Photo Source- Patrika)

72 Seater Air Service : मध्य प्रदेश के रीवा में एयरपोर्ट लोकार्पण के एक साल बाद आज से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरु होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा से नई दिल्ली के लिए 72 सीटर हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। जल्द ही इंदौर के लिए भी 72 सीटर हवाई सेवा शुरू की जाएगी।

उद्घाटन समारोह रीवा एयरपोर्ट परिसर में सुबह 10 बजे शुरु होगा। समारोह में उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद रीवा जनार्दन मिश्र, सांसद सतना गणेश सिंह, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा समेत अन्य जनप्रतिनिधि रहेंगे। एयरपोर्ट का शिलान्यास 15 फरवरी 2023 को किया गया था। इसी दिन से रीवा से जबलपुर, भोपाल, खजुराहो, सिंगरौली के लिए एयर टैक्सी और 17 सीटर हवाई जहाज की सुविधा शुरू की गई थी।

सीएम का शेड्यूल देर रात तक नहीं आया

मुख्यमंत्री के रीवा आगमन से जुड़े कार्यक्रम का निर्धारित शेड्यूल देर रात तक जिला प्रशासन के पास नहीं पहुंचा। इसलिए ये भी तैयारी की गई है कि, अगर मुख्यमंत्री खुद रीवा नहीं आ सके तो किसी अन्य स्थान से उनके द्वारा वर्चुअली प्लेन का शुभारंभ कराया जाएगा। क्योंकि, कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी वर्चुअल ही जुड़ेगे।

आज 12.05 बजे रवाना, कल से बदलेगा समय और किराया

रीवा से दिल्ली तक हवाई सेवा के जारी शेड्यूल में पहले दिन शुभारंभ की वजह से अलग समय निर्धारित किया गया है। पहली उड़ान दोपहर 12.05 बजे होगी। एलाइंस एयर कंपनी की प्लेन रीवा से उड़ान भरकर दो घंटे 15 मिनट का समय लेकर दोपहर 2.20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। पहले दिन दिल्ली से रीवा का किराया 3734 रुपए निर्धारित किया गया है। दिल्ली से ये प्लेन सुबह 8.30 बजे चलेगा और सुबह 11.05 बजे रीवा पहुंचेगा। रीवा से दिल्ली के लिए इसका किराया 3680 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इसके बाद 11 नवंबर से प्लेन का समय और किराया दोनों बदल जाएंगे। सायं 5.25 बजे दिल्ली से चलकर रात 8 बजे रीवा पहुंचेगी। इसका किराया 4994 रुपए होगा। वहीं, रीवा से 8.25 बजे रात को रवाना होने के बाद रात 10.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसका किराया 4940 रुपए होगा।

Updated on:
10 Nov 2025 08:46 am
Published on:
10 Nov 2025 08:46 am