
Rewa Flood- रीवा शहर की कई कॉलोनियों में शुक्रवार को इस तरह के हालात हैं। (फोटो -एएनआई)
रीवा और आसपास के जिलों में हो रही दो दिन से लगातार बारिश ने जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीहर नदी के तट से कुछ दूरी पर बना विधायक नागेंद्र सिंह का घर भी पानी से घिर गया। वे 24 घंटे से अपने घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उनके घर के निचले हिस्से पानी में डूबे हुए हैं। मकान की पहली मंजिल में पानी घुसने से वे परिवार समेत दूसरी मंजिल पर शिफ्ट हो गए हैं।
नागेंद्र सिंह रीवा जिले की गुढ़ विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं। रीवा के बीहर नदी की बाढ़ में नदी के तट से पास बना उनका घर भी घिर गया और पहली मंजिल आधी डूब गई। पिछले 24 घंटों से घर में परिवार के साथ फंसे विधायक जरूरी काम से घर से बाहर भी नहीं जा पा रहे हैं। खास बात यह है कि उनका घर पहले की बाढ़ में भी घिर गया था और उसकी पहली मंजिल पर पानी भर गया था। तब भी पहली मंजिल पर रखा सामान खराब हो गया था।
पिछले साल जब उनका घर पानी से घिर गया था, तब उन्होंने मीडिया से कहा था कि यह चौथी बार है जब मेरा घर पानी से लबालब हो गया है और हम बाढ़ पीड़ित की तरह आपसे बात कर रहे हैं। विधायक ने करीब दो लाख का नुकसान बताया था। उन्होंने रीवा में बार-बार बाढ़ आने का कारण भी बताया था। उन्होंने कहा था कि चारों तरफ से बायपास बनाकर रीवा को बड़ा तालाब बना दिया है। बायपास की निकासी के कोई साधन नहीं है। जो रीवा में पुल बना दिए हैं, 100 साल पुरानी इंजीनियरिंग को भी हमने नहीं देखा था। 1997 में भी उस पिल पर पानी नहीं गया था जो इतिहास की रीवा की सबसे बड़ी बाढ़ थी। लोअर और मीडिल क्लास का बहुत बुरा हाल है। बार-बार जो बाढ़ आ रही है और आम गरीब का नुकसान हो रहा है। 2016 में सर्वे हुआ था और एक्सपर्ट बुलाए गए थे, वो रिपोर्ट आज भी पड़ी हुई है।
इधर, कांग्रेस प्रवक्ता डा. विनोद शर्मा ने आरोप लगाया है कि बीजेपी विधायक ने नदी क्षेत्र में अतिक्रमण किया है। कांग्रेस ने शहर में जलभराव के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का भी आरोप लगाया है। इधर, भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह ने कहा है कि उन्होंने नदी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है। विधायक ने कहा कि यदि उस समय अधिकारियों ने गलत स्वीकृति दी थी तो उसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं है। नागेंद्र सिंह ने कहा कि जमीन वैध तरीके से खरीदी गई थी और संबंधित समय में नगर निगम के अधिकारियों से अनुमति ली गई थी।
इधर मौसम विभाग ने 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना, छतरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा निवाड़ी, टीकमगढ़, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी में भी भारी बारिश हो सकती है।
मध्यप्रदेश की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। इसमें नर्मदा, ताप्ती, बेतवा, मंदाकिनी नदियों में पानी लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा नाले भी उफान पर हैं। डिंडौरी में नर्मदा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। मैहर और डिंडौरी में भारी बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके अलावा पन्ना में भी दो दिन की छुट्टी घोषित की जा चुकी है।
Updated on:
21 Aug 2026 08:11 pm
Published on:
21 Aug 2026 07:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
