20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

MP में भारी बारिश से बिगड़े हालात: रीवा के कई इलाकों में घुसा पानी, NDRF-SDRF ने संभाला मोर्चा

MP Flood- मध्यप्रदेश के रीवा, मऊगंज, पन्ना, सतना और मैहर जिलों में लगातार भारी बारिश से जनजीवन प्रभाित हुआ है...। कई स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा है...।
2 min read
Google source verification

रीवा

image

Manish Gite

Aug 20, 2026

Rewa Flood

Rewa Flood: रीवा की जलमग्न सड़क पर लोग कमर तक पानी में गुजरते दिखाई दे रहे हैं। (फोटो पत्रिका)

MP Flood- रीवा, मऊगंज समेत आसपास के जिलों में हो रही बारिश का असर गुरुवार को भी देखने को मिला। लोग सुबह उठे तो घरों के आसपास पानी जमा था। कई स्थानों पर तो पूरी ही कालोनी पानी में डूबी हुई थी। लोग कमर तक के पानी से गुजरने को मजबूर थे।

रीवा शहर में बुधवार रात से मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। पूरी रात हुई तेज बारिश के बाद गुरुवार सुबह करीब पांच बजे शहर के कई इलाकों में पानी घरों के भीतर घुस गया। अचानक हुए जलभराव से लोगों की गृहस्थी का सामान पानी में डूब गया और कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। बारिश के कारण शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई। नालों का पानी उफान पर आ गया और कई स्थानों पर नालों के ऊपर से पानी बहने लगा। मुख्य सड़कों पर चार से पांच फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन ठप हो गया और लोग अपने घरों में फंस गए।

ये इलाके ज्यादा प्रभावित

सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में रतहरा, गुलाब नगर, समान, संजय नगर, आचार्य नगर, चिरहुला, कुठुलिया, बिछिया, लक्ष्मणबाग, निपनिया, पुष्पराज नगर, चोरहटा, ढेकहा, पडऱा, मैदानी, अनंतपुर, बोदाबाग और नेहरू नगर सहित शहर के कई अन्य हिस्से शामिल रहे। कई मोहल्लों में पानी कमरों तक पहुंच गया और फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, अनाज व अन्य घरेलू सामग्री पूरी तरह खराब हो गई।

प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थिति गंभीर होने पर प्रशासन ने कई स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जिन इलाकों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा, वहां लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया। नगर निगम और प्रशासन की टीमें सुबह से लगातार जल निकासी और राहत कार्य में जुटी रहीं। एसडीआरएफ के साथ ही बनारस से एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है।

बचाव कार्य जारी

महापौर अजय मिश्रा, कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

इन इलाकों में भारी बारिश

इधर, मौसम विभाग ने पन्ना, रीवा, सतना, सीधी में भारी बारिश और झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी ऐसी ही स्थिति कहीं-कहीं रह सकती है। पन्ना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सतना, कटनी, दमोह, मैहर, छतरपुर जिले में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रीवा, मऊगंज, सीधी, सिवनी, छिंदवाड़ा समेत प्रदेश के बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।