रीवा

अधिकारियों के कारनामे से कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, बन रही हड़ताल की स्थिति

प्रभावित होगी प्रवेश प्रक्रिया...

2 min read
Jul 02, 2018
APSU officers do not fulfill demand, REWA's employees will strike
APSU officers do not fulfill demand, REWA's employees will strike

रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में एक बार फिर कर्मचारियों के हड़ताल की स्थिति बन रही है। आश्वासन दिए तीन महीने से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद मांग पूरी नहीं किए जाने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन कर्मचारियों की मांग के संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाता है तो मंगलवार से कर्मचारी हड़ताल शुरू कर सकते हैं। विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। हड़ताल शुरू हुई तो सबसे अधिक प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित होगी।

मांगों को लेकर टालमटोल कर रहा एपीएस
विश्वविद्यालय में कर्मचारी एक दर्जन से अधिक मांगों को लेकर पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को लेकर टालमटोल करता रहा है। करीब तीन महीने पहले कर्मचारियों की हड़ताल को विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसी आश्वासन पर स्थगित कराया था कि जल्द ही उनकी मांगें पूरी कर दी जाएंगी। कर्मचारियों की माने तो कुछ एक मांगों को छोड़ दिया जाए तो विश्वविद्यालय का आश्वासन कोरा साबित हुआ है। गौरतलब है कि पूर्व में कर्मचारी तीन फरवरी से तीन मार्च तक हड़ताल पर रहे हैं। आश्वासन के बाद कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हुई।

रोज करेंगे एक घंटे की हड़ताल
विश्वविद्यालय प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने सोमवार को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बुद्धसेन पटेल के मुताबिक कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लेते हुए मंगलवार को आमसभा बुलाई जाएगी। साथ ही पहले तो हर रोज एक घंटे की हड़ताल शुरू होगी। सप्ताहभर के भीतर मांग पूरी नहीं हुई तो हड़ताल का समय धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा।

कर्मचारियों की लंबित प्रमुख मांग
- कर्मचारियों के समयमान का आदेश निकला है लेकिन फिक्सेशन नहीं किया जा रहा है।
- नियमित किए गए 84 कर्मचारियों को पात्रता के बावजूद समयमान नहीं मिल रहा है।
- दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को स्थायी कर्मी बनाने का शासन से आदेश होने के बावजूद नहीं जा रहे हैं।
- कर्मचारियों को सातवां वेतनमान दिया लेकिन एरियर का भुगतान करने जारी नहीं हो रहा आदेश।
- सरकार से स्वीकृति लेने की आड़ में सेवानिवृत्त की आयु बढ़ाने का प्रस्ताव लंबित हैं।
- सुरक्षा व स्कूल के कर्मचारियों की नियुक्ति स्वीकृत पद पर होने के बावजूद नहीं दिया जा रहा है पेंशन

हड़ताल से प्रभावित होंगे कार्य
- वर्तमान में चल रही यूजी-पीजी प्रवेश प्रक्रिया होगी प्रभावित
- परीक्षा परिणाम में संशोधन को लेकर छात्र होंगे परेशान
- नए शैक्षणिक सत्र में कक्षाओं का संचालन होगा प्रभावित
- पहले बार होने जा रहे पुराछात्र सम्मेलन में होगा व्यवधान
- अधर में लटक जाएगी पीएचडी पाठ्यक्रम की प्रवेश प्रक्रिया

Published on:
02 Jul 2018 04:36 pm