रीवा

विधानसभा चुनाव:2018 सांसद आदर्श गांव में भिनभिन रहीं मक्खियां, शिक्षकों के इंतजार मेंं गोटी खेल रहीं बेटियां

आदर्श गांव की फेहरिस्त में जुडऩे के डेढ़ साल बाद भी 'बड़ागांव' में नहीं बदली तस्वीर, गरीब बस्तियों में घर से बाहर कदम रखते ही कीचड़
3 min read
• •
Updated: 22 Sep 2018, 12:27 PM IST
assembly-election-2018-flies-roared-in-mp-mp-adarsh
assembly-election-2018-flies-roared-in-mp-mp-adarsh

रीवा. सोहागी पहाड़ से करीब आठ सौ फीट नीचे बसे बड़ा गांव की गरीब बस्तियों की गलियों में आज भी मक्खियां भिनभिना रही हैं। गरीबों की रोजमर्रा की जिंदगी घुंटनेभर कीचड़ से शुरू होती है। गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं बेपटरी हैं। हैरान करने वाली बात तो यह कि गांव की मुख्य सडक़ से पंचायत भवन के रास्ते में जलजमाव है। गांव में चारो ओर गंदगी फैली हुई है। स्वच्छता मिशन कार्यक्रम पूरी तरह फेल है। बड़ा गांव डेढ़ साल पहले सांसद आदर्श गांव की फेहरिस्त में जुड़ गया बावजूद गांव की तस्वीर में बदलाव शुरू नहीं हो सका है।

सोहागी पहाड़ से 800 फिट नीचे बदहाल आदर्श गांव
जिला मुख्यालय से करीब 80 किमी दूर त्योंथर जनपद मुख्यालय के पश्चिमी छोर में करीब 12 किमी. दूर स्थित बड़ा गांव की आबादी पांच हजार से अधिक है। यहां पर तीन हजार वोटर हैं। गांव में 35 गरीबों के पीएम आवास निर्माण कराए जाने का दवा है। छह आवास को छोड़ शेष आवास के सामने के हिस्से की दिवार का प्लास्टर करने के बाद अधूरा छोड़ दिया गया है।

अधूरा छोड़ दिया प्रधानमंत्री आवास
गांव के दक्षिण टोले की गरीब बस्ती में बुजुर्ग सुखवरिया हरिजन का आवास नींव तक बनाने के बाद छोड़ दिया गया है। निर्माण सामग्री घर के सामने रखी हुई है। दूसरी किस्त जारी नहीं की जा रही है। जिससे आवास अपूर्ण है। हरिजन बस्ती के रामसिया के आवास के सामने की दिवार प्लास्टर हो गया है। शेष पूरे आवास में प्लास्ट नहीं किया गया है। सामने की दिवार पर अधिकारियों ने 1.40 लाख रुपए की लागत लिखा है। लेकिन, रामसिया बताते हैं कि उन्हें सिर्फ 1.20 लाख रुपए दिए गए हैं। ये कहानी सभी की है।

मनरेगा में 257 जॉब कार्डधारी, नहीं मिल रोजगार
सांसद आदर्श गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा पिछले कई दिनों ठप है। पीएम आवास के निर्माण में मजदूरों को काम दिया गया है। पिछले कई दिनों से मस्टर जनरेट नहीं होने से मनरेगा का काम बंद है। रोजगार के लिए 257 जॉबकार्डधारी हैं। काम के लिए परेशान हैं। कागज पर कई योजनाएं तैयार की गई हैं। लेकिन काम प्रारंभ नहीं है। गांव के ज्यादातर परिवार को 100 दिन का रोजगार तक नहीं मिल सका है। वर्तमान समय में मस्टररोल जनरेट नहीं हो रहा है।

दस साल बाद भी तैयार नहीं हो सका इंदिरा आवास
सरकारी योजनाओं की हकीकत देखना हो तो सांसद आदर्श गांव बड़ा गांव में आदिवासी बस्ती के बृजवाशी के घर पर आइए। दस साल पहले इंदिरा आवास स्वीकृत किया गया था। तत्कालीन अधिकारी बृजवाशी आदिवासी के आवास की नींव डाल कर भूल गए हैं। बृजवाशी ने बताया कि सिर्फ २२ हजार रुपए मिले हैं।

टॉयलेट की शीट और गड्ढा बनाकर भूले जिम्मेदार
गांव के छोटे हरिजन के घर टॉयलेट की शीट और गड्ढा बना दिया गया है। लेकिन, दीवार खड़ी करने और दरवाजा लगाने के लिए पैसे नहीं दिए गए। जिसके चलते उपयोग नहीं हो पा रहा है।

विद्यालय में गोटी खेल रहीं बेटियां, घरेलू काम में व्यस्त शिक्षक
नवीन प्राथमिक विद्यालय की बच्चियां गोटी खेल रहीं थीं। पूछने पर बताया कि गुरुजी साढ़े दस बजे के बाद आएंगे। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक मनोज तिवारी 10.44 बजे आए। यही हाल गांव के शुरुआत मं ही बने विद्यालय का रहा, यहां सहायक शिक्षक सुनीता मिश्रा विद्यालय में बैठकर बेटे से पैसे का हिसाब कर रहीं थीं। दो तीन की संख्या में बच्चे सफाई कर रहे थे। हेडमास्टर कमला मिश्रा आईं ही नहीं थीं।

गरीब बस्तियों में कीचड़ और गंदगी
सांसद आदर्शन गांव की कुछ गलियों को छोड़ दे तो ज्यादातर गरीब घरों के सामने गंदगी का अंबार है। पंचायत भवन पहुंचने के लिए कच्चा मार्ग है, जगह-जगह जलजमाव की स्थिति है। इसी तरह हरिजन और आदिवासी बस्ती में पीसीसी सडक़ा निर्माण कराया गया है। लेकिन सडक़ की पूरी गिट्टियां उखड़ गई हैं।

चालू नहीं हो सकी इ-पंचायत व्यवस्था
बड़ा गांव में चार साल बाद भी इ-पंचायत व्यवस्था चालू नहीं हो सकी है। इ-पंचायत की एलइडी टीबी लंबे समय से खराब पड़ी है। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी नहीं हो पा रही है। बताया गया कि डिस्प्ले में तकनीकि खराबी के कारण चालू नहीं किया जा सका है।


फैक्ट फाइल
बड़ा गांव की कुल 4400
जॉबकार्ड धारी 257
कुल वोटर 2700
पीएम आवास 35
टॉयलेट निर्माण 432
मनरेगा से निर्माणाधीन 10

Updated on:
22 Sep 2018, 12:27 PM IST
Published on: