रीवा

बड़ी खबर: विश्वविद्यालय की परीक्षा में फिर से एक बड़ा बदलाव

अब नकल के भरोसे नहीं पास कर सकेंगे परीक्षा...
2 min read
Mar 05, 2018
Big news: A major change in university exams again
Big news: A major change in university exams again

रीवा। नकल के दम पर परीक्षा पास करने की सोच रखे छात्रों के लिए बुरी खबर है। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की आने वाली परीक्षाओं में अब छात्रों के लिए नकल करना संभव नहीं हो सकेगा। जी हां, विश्वविद्यालय की अगली परीक्षाओं में अब सीसीटीवी की नजर रहेगी। यह निर्देश सभी विश्वविद्यालयों के लिए जारी किया गया है।

आगामी परीक्षाओं में होगी व्यवस्था
विश्वविद्यालय की परीक्षा में नकल लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर उच्च शिक्षा विभाग ने कुछ ऐसा ही निर्देश जारी किया है। विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के कुलसचिव को निर्देश है कि आगामी परीक्षाओं में सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। निर्देश है कि सभी परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कराई जानी चाहिए।

तत्काल निर्देश के पालन का आदेश
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में अप्रैल व मई में सेमेस्टर व वार्षिक परीक्षा कराई जानी हैं। पीएचडी की प्रवेश परीक्षा के लिए भी जल्द ही तिथि घोषित किया जाना है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था जल्द ही करना होगा। क्योंकि उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देश का पालन करने और व्यवस्था पूरी हो जाने पर सूचित करने को भी कहा है।

ज्यादातर केंद्रों में नहीं है सीसीटीवी
विभाग द्वारा जारी निर्देशों के मद्देनजर अब यही माना जा रहा है कि आगामी परीक्षाओं में वही कॉलेज केंद्र बनाए जाएंगे, जहां सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरा मुहैया होगा। फिलहाल अभी उन कॉलेजों को सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरा लगाने का मौका दिया जाएगा, जो विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल हैं। गौरतलब है कि वर्तमान ज्यादातर परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया जा सका है।

पीएचडी की मौखिक परीक्षा पर भी नजर
विभाग की ओर से लिखित परीक्षाओं के साथ पीएचडी की मौखिक परीक्षा (वाइवा) पर भी विशेष नजर है। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि पीएचडी की मौखिक परीक्षा की वीडियो व ऑडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। रिकॉर्डिंग को विश्वद्यालय व महाविद्यालयों के पास सीडी या डीवीसी के रूप में सुरक्षित रखा जाए। आवश्यकता पडऩे पर या शिकायत की स्थिति में क्रॉस के लिए सीडी या डीवीसी की चेकिंग की जा सकती है।

Published on:
05 Mar 2018 12:41 pm